भाजपा अपने बिच्छुओं से उछलवाती है नए शब्द: सज्जन वर्मा

भाजपा अपने बिच्छुओं से उछलवाती है नए शब्द: सज्जन वर्मा

भोपाल। हिजाब का मुद्दा देशभर में जोर पकड़ता जा रहा है। अब इसमें पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा की भी एंट्री हो गई है। उनका कहना है कि भाजपा सरकार जॉब देने के बजाए हिजाब के मुद्दे में उलझा रही है। भाजपा नए मुद्दों का बिच्छू है। वर्मा घर चलो, घर-घर चलो कार्यक्रम में शामिल होने देवास पहुंचे थे। वर्मा ने कहा कि जब भी कोई गहरा मसला देश में आता है तो भाजपा नई नौटंकी लाती है। इस समय नौजवान आंदोलित हैं। वह मोदी सरकार के फ्रॉड को समझ गए हैं। उन्हें पता चल गया है कि यह सरकार हमें जॉब देने वाली नहीं है। देश में जॉब नहीं मिल रहा है।

ऐसे में भाजपा एक न एक बात ऐसी उछालती है। अब हिजाब लेकर आए हैं। ये हमें किस ओर ले जा रहे हैं। अपने बिच्छुओं से नए शब्द बुलवाते हैं। मामला उछाल दिया, जिससे जनता में हिजाब चलता रहे और जॉब गायब हो जाए। वर्मा ने कहा कि कोरोना काल में भी अलग-अलग चीजें उछाली गईं। कभी ये मोहन जोदड़ो हप्पा की खुदाई से नेहरू-गांधी को जोड़ देते हैं। मोदी सरकार इस तरह की बातों से देश की जनता को क्लोरोफॉर्म देना चाहती है। हिजाब मुद्दे को लेकर कहा कि भारत विभिन्न संस्कृति का देश है, सेक्युलर राष्ट्र है, धर्म निरपेक्ष देश है। आप उसकी आत्मा को जख्मी करके नए-नए निर्णय देश की जनता पर थोप रहे हो, यह अन्याय है। मैं इस पर कुछ नहीं कहूंगा, जो पहले से होता आ रहा है। इससे किसी भाई-बहन को तकलीफ हुई क्या, किसी को तकलीफ नहीं हुई, सिर्फ भाजपा के बिच्छुओं को तकलीफ हो रही है। देश की जनता को वर्तमान हालात से दूर करने के लिए ये इस प्रकार के डायलॉग को उछालते हैं।