भाजपा के राष्ट्रीय संगठक भगवत शरण माथुर का निधन

भाजपा के राष्ट्रीय संगठक भगवत शरण माथुर का निधन

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठक, कर्मयोगी भगवत शरण माथुर का आज रात्रि 11.15 पर दुखद निधन हो गया। स्व माथुर जी भाजपा के प्रदेश कार्यालय स्थित आवास में रात्रि के भोजन के बाद आराम कर रहे थे।

बीजेपी के पूर्व सह संगठन मंत्री भगवत शरण माथुर का हार्ट अटैक से निधन हो गया है। भगवतशरण माथुर बीजेपी प्रदेश कार्यालय के पीछे ही निवास करते थे। शाम को भोजन करने के बाद उन्हें कुछ असहजता महसूस हुई और उन्हें तत्काल नर्मदा अस्पताल ले जाया गया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अचानक उन्हें सीने में तेज दर्द उठा और सीवियर हार्ट अटैक के कारण कुछ ही पल में उनका निधन हो गया। आर एस एस के पूर्णकालिक प्रचारक स्व माथुर ने विद्यार्थी परिषद से  छात्र राजनीति में प्रवेश किया और विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए भाजपा में राष्ट्रीय स्तर पर कई महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया।

श्री माथुर के निधन से देश ,प्रदेश और पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है। समूचे प्रदेश के कार्यकताओ के लिए यह घटना हृदय को झझकोरने वाली है। ईश्वर उन्हें अपने चरणों मे स्थान दे शांति प्रदान करें।

13 अप्रैल, 1951 को ग्राम तलेन, जिला राजगढ़ (म.प्र.) में जन्मे भगवत शरण माथुर 1975 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक निकले। सर्वश्री बाबासाहेब देवरस, के.सी. सुदर्शन, बाबासाहेब नातू, कुशाभाऊ ठाकरे, माखन सिंह जैसे मूर्धन्य व्यक्तित्वों के साथ कार्य करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। अनेक जिलों में जिला प्रचारक रहे; मध्य प्रदेश के सह-संगठन मंत्री और हरियाणा के संगठन मंत्री रहे। आपातकाल के दौरान 19 माह जेल में रहे। अपनी समस्त पैतृक संपत्ति समाज सेवा हेतु समर्पित कर ‘श्री नर्मदेहर सेवा न्यास’ की स्थापना कर दी। न्यास द्वारा वनवासी क्षेत्रों में समाज सेवा के कई प्रकल्प निःशुल्क चलाए जा रहे हैं।