मड़वा घाटी सड़क निर्माण की मांग तेज, सैकड़ों ग्रामीणों के साथ सड़क पर हुई धान रोपाई
nadeem khan
पन्ना। जिले की वर्षों से लंबित मड़वा घाटी सड़क निर्माण की मांग अब जनआंदोलन का रूप लेती जा रही है। रविवार को समाजसेवी नीरज बड़ागाँव के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण मड़वा घाटी पहुंचे, जहां उन्होंने सड़क निर्माण में हो रही देरी के विरोध में प्रतीकात्मक रूप से धान की रोपाई कर अनोखा प्रदर्शन किया।

इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सरकार, जनप्रतिनिधियों और निर्माण एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सड़क निर्माण कार्य तत्काल शुरू करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान क्षेत्रवासियों ने विधायक मुर्दाबाद, सांसद मुर्दाबाद, ठेकेदार मुर्दाबाद और जिम्मेदार अधिकारियों मुर्दाबाद के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वर्षों से मड़वा घाटी सड़क अधूरी पड़ी है, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समाजसेवी नीरज बड़ागाँव ने कहा कि यह समझ से परे है कि आखिर ठेकेदार किसके संरक्षण में कार्य कर रहा है और निर्माण कार्य लंबे समय से बंद क्यों पड़ा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि विधायक और सांसद इस महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे पर आखिर मौन क्यों हैं। उन्होंने कहा कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि किन कारणों से सड़क निर्माण रुका हुआ है और इसके लिए जिम्मेदार कौन है। उन्होंने बताया कि मड़वा घाटी सड़क नहीं बनने से क्षेत्र के लोगों को 60 से 80 किलोमीटर तक अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इसका सीधा असर किसानों, विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों पर पड़ रहा है। अतिरिक्त दूरी के कारण समय, ईंधन और धन की बर्बादी हो रही है, वहीं आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि मड़वा घाटी सड़क निर्माण कार्य को तत्काल शुरू कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ग्रामीणों ने कहा कि यह केवल सड़क नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक प्रगति से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है।
bhavtarini.com@gmail.com 
