एग्जिट पोल: एनडीए होगा '400 पार', जानिए किस राज्य में किस पार्टी को मिल सकती है कितनी सीट

एग्जिट पोल: एनडीए होगा '400 पार', जानिए किस राज्य में किस पार्टी को मिल सकती है कितनी सीट

नई दिल्ली, पिछले 2 महीने से चला आ रहा लोकसभा चुनाव का चुनावी पर्व आज 7वें दौर के मतदान के साथ ही समाप्त हो गया। 4 जून को नतीजे घोषित होंगे। अंतिम चरण में आज 57 लोकसभा सीटों के लिए मतदान हुआ। लोकसभा चुनावों के साथ ही अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भी विधानसभा चुनाव संपन्न हुए। इनमे से अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम विधानसभा चुनाव के नतीजे 2 जून दिन रविवार को घोषित किए जाएंगे। 4 जून को मतगणना के साथ ही साफ हो जाएगा कि केंद्र में किसकी सरकार बनेगी। मतगणना से 4 दिन पहले आज अलग-अलग कंपनियों और संस्थानों के एग्जिट पोल्स ने अपने रिजल्ट घोषित कर दिए हैं।

400 सीट हासिल कर सकता है एनडीए

टुडेज चाणक्य के द्वारा जारी किए गए एग्जिट पोल के अनुसार, 18वीं लोकसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंन फिर से सरकार बनाने जा रहा है। एग्जिट पोल के अनुसार, भाजपा को 335 सीटें, और एनडीए 400 सीटों पर कब्जा जमाने में सफल हो सकती है। कांग्रेस को 50 सीटों से संतुष्ट होना पड़ सकता है। इंडिया गठबंधन को कुल 107 सीटों पर जीत हासिल हों सकती है। 36 सीटें अन्य के खाते में भी जाने का अनुमान है।

एनडीए यूपी में जीत सकता है 68 सीट

चाणक्य एग्जिट पोल के अनुसार यूपी की 80 लोकसभा सीटों में से एनडीए को 68 सीटों पर जीत मिल सकती है। वहीं इंडिया गठबंधन को 12 सीट मिलने का अनुमान है। एग्जिट पोल के मुताबिक बसपा या अन्य दलों का खाता खुलना भी मुश्किल है। उप्र में 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी गठबंधन को 64 सीटों पर जीत मिली थी। इस बार यहां सीटें बढ़ने का अनुमान है।

उत्तराखंड की सभी 5 सीटें भाजपा को

उत्तराखंड में कांग्रेस और अन्य पार्टियों को एक भी नहीं मिलती दिख रही है, जबकि सभी 5 सीटें बीजेपी को मिल सकती हैं। यहां एक सीट के कुछ फेरबदल हो सकता है। उत्तराखंड में भाजपा 59 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है। वहीं कांग्रेस को 32 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है। पिछले दो चुनावों से यहां भाजपा लगातार जीत रही है।

एनडीए को बिहार में 36 सीट

बिहार की बात करें तो टुडेज चाणक्य एग्जिट पोल के अनुसार, बिहार की 40 सीटों में से 36 सीटें एनडीए को मिलती दिख रहीं हैं वहीं महागठबंधन को 4 सीटें मिलने की बात कही गई है। एक सीट पर हेरफेर हो सकता है और अन्य दल के खाते में यह सीट जा सकती है। 2019 के लोकसभा चुनाव में एनडीए को 40 में से 39 सीट मिली थीं, जबकि आरजेडी-कांग्रेस के महागठबंधन को एक ही सीट पर संतुष्ट होना पड़ा था।

छत्तीसगढ़ सभी सीटों पर फिर से खिलेगा कमल

टुडेज चाणक्य एग्जिट पोल के अनुसार छत्तीसगढ़ लोकसभा की सभी 11 सीटों पर फिर से भसाजपा की जीत की उम्मीद है। कांग्रेस को इस बार भी निराशा ही हाथ लग सकती है।

दिल्ली में भाजपा जीत सकती है 6 सीट, एक का नुकसान 

भारतीय जनता पार्टी पिछले दो चुनावों से दिल्ली की सभी सातों सीटों पर जीत हासिल करती आ रही है, लेकिन इस बार उसे एक सीट का नुकसान हो सकता है। चाणक्य एग्जिट पोल ने दिल्ली की सात सीटों में से 6 पर बीजेपी की जीत दिखाई जा रही है। इंडिया गठबंधन को एक सीट मिल सकती है। दिल्ली में कांग्रेस ने 3 और आम आदमी पार्टी ने 4 सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े किए।

हरियाणा में भाजपा को बडा नुकसान

एग्जिट पोल के अनुसार हरियाणा में भाजपा को बड़ा नुकसान हो सकता है। प्रदेश की 10 सीटों में से भाजपा गठबंधन को 6 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस 4 सीटों पर जीत सकती है। जबकि 2019 के चुनाव में हरियाणा की सभी 10 सीटों पर बीजेपी का कब्जा था।

मध्य प्रदेश में दोहराएगा इतिहास

मध्य प्रदेश में लोकसभा की 29 सीटें हैं जिनमें से चाणक्य एग्जिट पोल के अनुसार प्रदेश की सभी सीटों पर बीजेपी जीत सकती है। हालांकि, दो सीटें कांग्रेस के पक्ष में जा सकतीं हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने 29 में से 28 पर जीत हासिल की थी। छिंदवाड़ा लोकसभा सीट पर कांग्रेस के नकुलनाथ ने जीत हासिल की थी।

हिमाचल की सभी सीटें भाजपा के खाते में

भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर हिमाचल प्रदेश की सभी 4 लोकसभा सीटों पर जीतती दिख रही है। हालांकि एक सीट पर कुछ फेरबदल हो सकता है। यहां मंडी सीट पर बीजेपी की ओर से कंगना रनौत और कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह के बीच जोरदार टक्कर है। हमीरपुर सीट से केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने चुनाव लड़ा है। वहीं कांगड़ा और शिमला सीट पर भी कांग्रेस और बीजेपी में कांटे का मुकाबला देखने को मिला है। हिमाचल प्रदेश की सभी चारों सीटों पर 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने जीत दर्ज की थी।

झारखंड की 14 सीटों में से एनडीए को 12 सीट

एग्जिट पोल के मुताबिक झारखंड की 14 सीटों में से एनडीए को 12 सीट मिलने का अनुमान है, जबकि इंडिया गठबंधन को दो सीटों से ही संतोष करना पड सकता है। अन्य के खाता खाली दिखाया जा रहा है।

गुजरात में कांग्रेस की झोली खाली, सभी सीटें भाजपा को

एग्जिट पोल के अनुसार इस बार फिर गुजरात में लोकसभा की 26 सीटों में से 26 पर से भाजपा जीत सकती है। कांग्रेस और अन्य को निराशा ही मिल सकता है।

राजस्थान में कांग्रेस को मिल सकती है 2 सीटें, नुकसान में भाजपा

राजस्थान में इस बार भाजपा को कुछ सीटों का नुकसान उठाना पड़ सकता है। राज्य की 25 सीटों में से बीजेपी को 22 सीटों पर जीत मिल सकती है। कांग्रेस को दो और अन्य को एक सीट मिल सकती है। राजस्थान में 2019 के चुनाव में भाजपा ने सभी 25 सीटों पर जीत हासिल की थी।

पंजाब में भाजपा को 3-4, कांग्रेस को भी इतनी ही सीट

पंजाब में कुल 13 सीटों में से 3-4 सीट भाजपा को मिल सकती हैं। कांग्रेस को भी इतनी ही सीटें मिल सकती हैं। अन्य को तीन और आम आदमी पार्टी के खाते में दो सीट जा सकती हैं। उल्लेखनीय है कि इस बार पंजाब में सभी पार्टियों ने अलग-अलग स्वतंत्र चुनाव लड़ा था।

महाराष्ट्र में एनडीए को 33 सीट

महाराष्ट्र की 48 सीटों में से एनडीए को 33 सीट मिलने का अनुमान है। कांग्रेस गठबंधन के खाते में 15 सीट आ सकती हैं। महाराष्ट्र में नतीजे चौकाने वाले इसलिए भी साबित हो सकते हैं क्योंकि इस बार यहां शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दो-दो गुटों ने चुनाव लड़ा था।


पश्चिम बंगाल से भाजपा के लिए शुभ संकेत

पश्चिम बंगाल से भाजपा के लिए शुभ संकेत दिखाई पड रहा है। एग्जिट पोल में यहां लोकसभा की 42 सीटों में से 24 सीट पर भाजपा जीत हासिल कर सकती है। एग्जिट पोल के मुताबिक, दीदी के तृणमूल कांग्रेस को 17 सीट और कांग्रेस को एक सीट पर ही संतोष करना पड सकता है।

कर्नाटक में बीजेपी का परचम

कर्नाटक राज्य में भाजपा को 24 सीटें मिल सकती हैं। वहीं कांग्रेस को 4 सीटें मिल सकती हैं। यहां भाजपा ने जनता दल-एस के साथ मिलकर चुनाव लड़ा है।

तमिलनाडु में भाजपा को मिल सकती है 10 सीट

तमिलनाडु की कुल 39 सीटों में से 10 सीटों पर बीजेपी, डीएमके के खाते में 29 सीट आने का अनुमान लगाया जा रहा है। दो सीटों पर स्थिति स्पष्ट नहीं है। 2019 के चुनाव में डीएमके गठबंधन ने 38 सीटों पर जीत हासिल की थी। एनडीए गठबंधन के खाते में मात्र एक सीट आई थी।

केरल में कांग्रेस गठबंधन को 15 सीट

एग्जिट पोल के मुताबिक केरल की 20 सीटों में से कांग्रेस गठबंधन को 15 सीट मिलने का अनुमान है। भाजपा को यहां 4 सीट मिल सकती है। एलडीएफ के खाते में एक सीट आने का अनुमान है।

आंध्र प्रदेश में टीडीपी गठबंधन को 22 सीट

एग्जिट पोल के अनुसार आंध्र प्रदेश की 25 सीटों में से टीडीपी गठबंधन के खाते में 22 सीट आने की उम्मीद है। वाईएसआर कांग्रेस को 3 सीटों पर जीत मिलने का अनुमान है। कांग्रेस और अन्य का खाता खुलने की उम्मीद नहीं दिख रही है।

तेलंगाना में 12 सीट जीत सकती है भाजपा

तेलंगाना की 17 सीटों में से भाजपा गठबंधन को 12 सीटों मिलने का अनुमान है। कांग्रेस के खाते में 4-5 और अन्य के खाते में एक सीट जा सकती है।

असम में NDA को 12 सीट

एग्जिट पोल के अनुसार असम की सभी 14 सीटों बीजेपी गठबंधन को 12 सीट मिलने का अनुमान है। कांग्रेस तथा अन्य दलों को एक-एक सीट मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

सोशल मीडिया पर देखें खेती-किसानी और अपने आसपास की खबरें, क्लिक करें...

- देश-दुनिया तथा खेत-खलिहान, गांव और किसान के ताजा समाचार पढने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म गूगल न्यूजगूगल न्यूज, फेसबुक, फेसबुक 1, फेसबुक 2,  टेलीग्राम,  टेलीग्राम 1, लिंकडिन, लिंकडिन 1, लिंकडिन 2टवीटर, टवीटर 1इंस्टाग्राम, इंस्टाग्राम 1कू ऐप से जुडें- और पाएं हर पल की अपडेट