बीकानेर हाउस में तीजोत्सव-2026 अपने अंतिम चरण में लोकगायक कुतले खान की लोक एवं सूफी प्रस्तुतियों ने बांधा समां
सोमवार को होगा तीजोत्सव-2026 का समापन
जयपुर। बीकानेर हाउस, नई दिल्ली में राजस्थान की लोक संस्कृति, परंपराओं, कला, हस्तशिल्प, संगीत और खानपान को समर्पित तीजोत्सव-2026 अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। तीजोत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक देखने को मिल रही है। तीजोत्सव का समापन सोमवार को होगा।
लोकगायक कुतले खान की प्रस्तुति ने किया मंत्रमुग्ध
तीजोत्सव-2026 का मुख्य आकर्षण में रविवार को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में जैसलमेर के प्रसिद्ध लोक गायक कुतले खान ने अपनी प्रभावशाली लोक एवं सूफी गायकी से उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति के दौरान बीकानेर हाउस परिसर राजस्थानी लोक संगीत की मधुर स्वर लहरियों से गूंज उठा।
राजस्थान पर्यटन द्वारा कुतले खान की सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए निर्धारित कार्यक्रम में लोक एवं सूफी संगीत की विभिन्न लोकप्रिय प्रस्तुतियां शामिल रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत केसरिया बालम से हुई। इसके बाद झूले झूले लाल, अली मोरे अंगना दरस दिखा, छाप तिलक, सानू इक पल, ये तूने क्या किया, घूमर, वारी जाऊं रे सहित अनेक लोकप्रिय रचनाओं की प्रस्तुतियां दी गईं।
कार्यक्रम में अंखियां उडीक दिया, आजा माही, पिया घर आया के मिश्रित गायन के साथ-साथ नीट खैर, तू माने या ना माने, सजदा, काली काली जुल्फों, जोगी दे नाल, दम नाल दम भरांगी, सांसों की माला पे, दुल्हे का सेहरा, लाल मेरी पत, बोली प्यारी लागे, लहरियो, सलामत रहे तेरी आंखों की मस्ती, सोचता हूं कि वो कितने मासूम थे, कहना गलत गलत तथा दमादम मस्त कलंदर जैसी प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक संध्या को विशेष रंग प्रदान किया। सांस्कृतिक संध्या का उद्घाटन केन्द्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, मुख्य सचिव वी.श्रीनिवासन, प्रमुख आवासीय आयुक्त रोहित कुमार सहित अन्य विशिष्टजन ने दीप प्रज्वलित कर किया।
केन्द्रीय मंत्री सहित कई सांसदों और अति विशिष्ट जनों ने किया तीजोत्सव का अवलोकन
इस अवसर पर रविवार को केन्द्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, सांसद पी.पी.चैधरी, राहुल कस्वां, राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद, गाजियाबाद के सांसद अतुल गर्ग, मुख्य आवासीय आयुक्त और राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव वी.श्रीनिवास , नीति आयोग के सदस्य एम.श्रीनिवासन, संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल, सदस्य सचिव, आई.जी.एन.सी.ए, निदेशक, पी.एम.एम.एल, केन्द्र और राजस्थान सरकार के आईएएस, आईपीएस एवं आईएफएस अधिकारी, वरिष्ठ अधिकारी तथा एनडीएमसी की चेयरपर्सन सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने उत्सव का अवलोकन किया। प्रमुख आवासीय आयुक्त रोहित कुमार ने सभी गणमान्य जनों का राजस्थानी साफा पहनाकर स्वागत उन्हें मेले का अवलोकन करवाया।
उन्होंने बताया कि तीजोत्सव में राजस्थान के हस्तशिल्प, लोक कला एवं पारंपरिक उत्पादों ने विशेष आकर्षण पैदा किया। विभिन्न हस्तशिल्प वस्तुओं की प्रदर्शनी एवं बिक्री के माध्यम से प्रदेश के शिल्पकारों और लोक कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिला। वहीं, राजस्थानी खानपान के फूड स्टॉल भी तीजोत्सव में आने वाले लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों का स्वाद लोगों को राजस्थान की संस्कृति और खानपान की समृद्ध परंपरा से रूबरू करा रहा है।
रोहित कुमार ने बताया कि बीकानेर हाउस में आयोजित तीजोत्सव-2026 दिल्लीवासियों एवं राजस्थान से जुड़े लोगों के लिए राजस्थान की लोक संस्कृति, संगीत, कला, हस्तशिल्प और पारंपरिक खानपान को एक ही मंच पर अनुभव करने का अवसर प्रदान कर रहा है।
bhavtarini.com@gmail.com

