लुटेरी दुल्हन का शिकार बना परिवार, एक लाख की ठगी

लुटेरी दुल्हन का शिकार बना परिवार, एक लाख की ठगी

शादी के कुछ दिन बाद दुल्हन रात में हुई फरार

nadeem khan
पन्ना। पन्ना पुलिस ने फर्जी शादी कराकर एक युवक से एक लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कथित लुटेरी दुल्हन सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ट्राइबलर कार, तीन मोबाइल फोन और नकदी सहित करीब 5 लाख 25 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। मामले में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। इस कार्रवाई की जानकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री वंदना चैहान ने प्रेस वार्ता में दी। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री वंदना चैहान, एसडीओपी गुनौर राजीव सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी अमानगंज निरीक्षक हेमंत कुमार नायक के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने बताया कि 31 जुलाई 2026 को महेबा निवासी सुरेंद्र सिंह राजपूत 32 वर्ष पिता ठाकुर प्रसाद राजपूत ने थाना अमानगंज में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने शादी कराने का झांसा देकर उनसे एक लाख रुपये नकद लिए। इसके बाद उनकी शादी कराई गई, लेकिन विवाह के कुछ दिन बाद ही दुल्हन रात के समय घर से फरार हो गई। फरियादी को ठगी का एहसास होने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर थाना अमानगंज में अपराध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 83 एवं 84 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में माधुरी थोबानी 35 वर्ष पति हीरश थोबानी, निवासी हिंगना मेडिकल के पास, थाना एमआईडीसी, नागपुरय हक्के यादव 72 वर्ष पिता दलपत यादव, निवासी बामुरिया, थाना पटेरा, जिला दमोहय अनिल यादव 27 वर्ष पिता दानसिंह यादव, निवासी ग्राम पिपरिया, थाना कुम्हारी, जिला दमोह तथा करण सिंह राजपूत 50 वर्ष पिता फुन्दर सिंह राजपूत, निवासी पलका, थाना गुनौर, जिला पन्ना शामिल हैं। पुलिस के अनुसार माधुरी थोबानी ही कथित लुटेरी दुल्हन है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रेनॉल्ट ट्राइबर कार, तीन मोबाइल फोन तथा नकदी सहित करीब 5.25 लाख रुपये का मशरूका बरामद कर जब्त किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक प्रक्रिया पूरी की गई है। साथ ही फरार आरोपी और गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अमानगंज निरीक्षक हेमंत कुमार नायक, महेबा चैकी प्रभारी उप निरीक्षक रजनी समाधिया, प्रधान आरक्षक रवेंद्र पांडेय, शिवम शर्मा, आरक्षक सत्यनारायण अग्निहोत्री, अखिल पाल, गोलू वास्केल, प्यारेलाल रैकवार तथा साइबर सेल पन्ना की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू ने पूरी टीम की सराहना करते हुए उनके उत्कृष्ट कार्य की प्रशंसा की है।