भामाशाह के सहयोग से संवरेगा सवाई माधोपुर का मानटाउन बालिका विद्यालय, छह नए स्मार्ट कक्षा-कक्षों का शिलान्यास

भामाशाह के सहयोग से संवरेगा सवाई माधोपुर का मानटाउन बालिका विद्यालय, छह नए स्मार्ट कक्षा-कक्षों का शिलान्यास

जयपुर। सवाई माधोपुर जिले के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन में भामाशाह ओमप्रकाश अग्रवाल के सहयोग से विद्यालय विकास कार्यों का विधिवत पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपने माता-पिता की स्मृति में विद्यालय के विकास के लिए किए जा रहे इस सहयोग से विद्यालय में अध्ययनरत करीब एक हजार बालिकाओं को लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा रहे। उन्होंने विधिवत पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने शिक्षा के क्षेत्र में जनभागीदारी एवं भामाशाहों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा सरकारी विद्यालयों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए समाज के सक्षम लोगों से आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यालय विकास के लिए भामाशाह ओमप्रकाश अग्रवाल की पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
भामाशाह ओमप्रकाश अग्रवाल ने अपने माता-पिता की स्मृति में विद्यालय विकास के लिए सहयोग करने की भावना व्यक्त की। उन्होंने बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने तथा विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने की दिशा में इस पहल को महत्वपूर्ण बताया।

विद्यालय में स्मार्ट कक्षा-कक्षों तथा आधुनिक सुविधाओं का होगा विकास- जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक ने बताया कि विद्यालय में छह नए स्मार्ट कक्षा-कक्षों के निर्माण के साथ पुराने कक्षा-कक्षों की मरम्मत, विद्युत व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण, सौर ऊर्जा संयंत्र, आधुनिक शौचालय, वर्षा जल संचयन प्रणाली, बैडमिंटन कोर्ट तथा स्वच्छ एवं ठंडे पेयजल की सुविधा विकसित करवाई जाएगी। इन सुविधाओं से छात्राओं को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा और विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।