15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, सचिन तेंदुलकर और शेफाली वर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा
लंदन। भारत और इंग्लैंड के बीच टी-20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी को भी मौका मिला। शनिवार (4 जुलाई) को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में आयोजित मुकाबले में वैभव ने मैदान पर उतरते ही इतिहास रच दिया। बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव अब भारत के लिए सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले क्रिकेटर बन गए। वैभव को डेब्यू कैप उप-कप्तान तिलक वर्मा ने थमाई। वैभव भारत के लिए टी-20 इंटरनेशनल खेलने वाले 122वें खिलाड़ी हैं। वैभव ने 15 साल और 99 दिन की उम्र में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया है। वैभव ने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मैनचेस्टर में वैभव अपनी पहली पारी में 10 गेंदों पर 14 रन ही बना पाए। उन्होंने 2 छक्के भी लगाए। उन्हें इंग्लैंड के डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज जोश टंग ने आउट किया। भारत की ओर से ईशान किशन ने सबसे ज्यादा 49 रन बनाए।
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने अंतरराष्ट्रीय डेब्यू 15 नवंबर 1989 को पाकिस्तान के खिलाफ कराची में टेस्ट मैच खेलकर किया था। इंटरनेशनल डेब्यू के समय सचिन की उम्र 16 साल और 205 दिन थी। वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ मेन्स क्रिकेट ही नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के ओवरऑल रिकॉर्ड में भी टॉप में जगह बना ली। भारत के लिए महिला क्रिकेट में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने का रिकॉर्ड शेफाली वर्मा के नाम है। शेफाली ने 15 साल और 239 दिन की उम्र में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया। शेफाली ने अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू 24 सितंबर 2019 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल मैच खेलकर किया था। अब वैभव ने उनसे भी कम उम्र में भारत के लिए खेलने का गौरव हासिल कर लिया।
bhavtarini.com@gmail.com 
