महाकाल के दरबार में उमड़ा जन सैलाब, टूटे पुराने रिकॉर्ड

महाकाल के दरबार में उमड़ा जन सैलाब, टूटे पुराने रिकॉर्ड

श्रावण मास में पहली बार दिखा आस्था का अद्भुुत नजारा

भक्तों को लंबा पैदल चलना पड़ा, पर इंतजामों को सराहा

तिरंगा अभियान का शुभारंभ, राष्ट्र भक्ति के रंग नजर आए

brijesh parmar
उज्जैन। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में श्रावण मास के तीसरे सोमवार को आस्था का अद्भुत नजारा दिखाई दिया। महाकाल के दरबार में ऐसा जन सैलाब उमड़ा कि पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए। एक दिन में पांच लाख से अधिक भक्तों ने भगवान महाकाल के दर्शन किए। प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए पहले से ही व्यापक इंतजाम किए थे। दर्शनार्थियों को महाकाल के दर पहुंचने के लिए करीब पांच किलो मीटर पैदल चलना पड़ा, बावजूद इसके दूरदराज से आए श्रद्धालुओं ने इंतजामों की सराहना की। वहीं आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत शहर में 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाना है। इसका शुभारंभ सोमवार को महाकाल मंदिर से हुआ। संपूर्ण मंदिर को तिरंगे के तीन रंगों से सजाया गया था। ओंकारेश्वर मंदिर, नागचंद्रेश्वर मंदिर में प्रवेश के लिए बनाए गए नए फुटओवर ब्रिज तथा शहनाई मार्ग के दोनों ओर तिरंगा लहरा रहा था।