ट्विटर का बड़ा एक्शन: राहुल के बाद कांग्रेस का अकाउंट लॉक

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस के कई अन्य नेताओं के बाद अब ट्विटर ने कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट को भी लॉक कर दिया है। इधर, कांग्रेस ने गुरुवार को आरोप लगाया कि ट्विटर ने पार्टी के आधिकारिक हैंडल @INCIndia को लॉक कर दिया है। इसकी जानकारी पार्टी ने फेसबुक पेज के जरिए दी है, यह भी कहा है कि पार्टी और उनके नेता इनसे डरने वाले नहीं हैं। माना जा रहा है कि ट्विटर ने नियमों के उल्लंघन को लेकर यह कार्रवाई की है। सोशल मीडिया कंपनी इससे पहले इसी तरह की कार्रवाई राहुल गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कर चुकी है।
दरअसल, कांग्रेस ने लॉक किए गए अपने ट्विटर अकाउंट का स्क्रीनशॉट लेकर फेसबुक पेज पर शेयर किया है और लिखा है, 'जब हमारे नेताओं को जेलों में बंद कर दिया गया, हम तब नहीं डरे तो अब ट्विटर अकाउंट बंद करने से क्या ख़ाक डरेंगे। हम कांग्रेस हैं, जनता का संदेश है, हम लड़ेंगे, लड़ते रहेंगे। अगर बलात्कार पीड़िता बच्ची को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाना अपराध है, तो ये अपराध हम सौ बार करेंगे। जय हिंद...सत्यमेव जयते।'
गौरतलब है कि इसके पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं के ट्विटर अकाउंट लॉक कर दिए गए हैं। इससे पहले कांग्रेस ने बुधवार देर रात दावा किया था कि रणदीप सुरजेवाला समेत पांच वरिष्ठ नेताओं के अकाउंट के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की गई है। पार्टी ने कहा था कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव और पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन, लोकसभा में पार्टी के सचेतक मनिकम टैगोर, असम प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह तथा महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव के ट्विटर अकाउंट निलंबित किए गए हैं।