नीरज ने जीता गोल्ड तो नाचने लगे मंत्री विज, 6 करोड़ देगी खट्टर सरकार

नीरज ने जीता गोल्ड तो नाचने लगे मंत्री विज, 6 करोड़ देगी खट्टर सरकार

चंडीगढ़। टोक्यो ओलंपिक में भारत के जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने इतिहास रचते हुए 121 साल बाद देश को एथलेटिक्स में गोल्ड दिला दिया। नीरज चोपड़ा ने जैवलिन के फाइनल में 87.58 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ गोल्ड हासिल किया। भारत के लाल नीरज चोपड़ा को गोल्ड मिलते ही पूरे देश में ख़ुशी की लहर दौड़ गई। टोक्यो ओलंपिक में नीरज चोपड़ा को गोल्ड मिलने के जश्न में हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ख़ुशी के मारे नाचने लगे।जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा मूल रूप से हरियाणा के पानीपत के रहने वाले हैं। गोल्ड मिलने की ख़ुशी में पानीपत सहित पूरे हरियाणा में लोगों ने ढोल नगाड़े और पटाखे फोड़ कर जश्न मनाया। जश्न मनाते हुए हरियाणा सरकार में गृह मंत्री अनिल विज भी नाचने लगे। जैसे ही टीवी पर नीरज चोपड़ा के जीत की आधिकारिक घोषणा हुई तो अनिल विज अपने आसपास मौजूद रहे लोगों के साथ नाचने लगे। जश्न मनाते हुए अनिल विज के डांस का वीडियो भी सामने आया है। 

नीरज चोपड़ा को गोल्ड मिलने की ख़ुशी में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने क्लास-1 नौकरी और 6 करोड़ रुपए देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा है कि जिस प्रकार से आज हमने प्रत्यक्ष मैच देखा, ये बहुत खुशी का पल है। ये बहुत बड़ी उपलब्धि है, देश के लिए उपलब्धि है, हरियाणा के लिए उपलब्धि है। उन्हें 6 करोड़ रुपये और क्लास-1 की नौकरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हम पंचकूला में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर एथलेटिक्स बनाएंगे और उसका हेड नीरज चोपड़ा को बनाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने भी भारत के लाल नीरज चोपड़ा को गोल्ड मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि आज टोक्यो ओलंपिक में इतिहास लिखा गया। आज जो नीरज चोपड़ा ने हासिल किया है वह हमेशा के लिए याद किया जाएगा। नीरज ने असाधारण प्रदर्शन किया है। उन्होंने जुनून के साथ खेला और अद्भुत धैर्य का परिचय दिया। गोल्ड जीतने के लिए उन्हें बधाई।टोक्यो ओलंपिक में यह भारत का सातवां मेडल है। नीरज चोपड़ा को गोल्ड मेडल मिलने के बाद भारत का 13 साल का इंतजार ख़त्म हुआ। इससे पहले 2008 में बीजिंग ओलंपिक में निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने गोल्ड जीता था। भारत को अबतक 10 गोल्ड मेडल मिल चुका है। इससे पहले हॉकी में 8 और निशानेबाजी में भारत को एक गोल्ड मिला है।