ग्वालियर को यूनेस्को ने दिया संगीत का शहर का दर्जा 

ग्वालियर को यूनेस्को ने दिया संगीत का शहर का दर्जा 

ग्वालियर। मध्य प्रदेश की संगीत नगर ग्वालियर को यूनेस्को ने क्रिएटिव सिटी म्यूजिक का दर्जा दिया है। प्रदेश के लोगों के लिए यह गौरवान्वित करने वाला समाचार बुधवार को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर प्राप्त हुआ है। केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी ने बताया कि केरल में कोझिकोड को यूनेस्को की साहित्य का शहर और ग्वालियर को संगीत का शहर के रूप में नामित किया गया है।

क्रिएटिव सिटी नेटवर्क में देश के दो शहरों का चयन 
यूनेस्को ने क्रिएटिव सिटी नेटवर्क में देश के दो शहरों का चयन किया था। क्रिएटिव सिटी में केरल के कोझिकोड़ की दावेदारी लिटरेचर सिटी की थी, वहीं ग्वालियर की दावेदारी संगीतधानी यानी म्यूजिक सिटी की रही। यूनेस्को ने ग्वालियर को क्रिएटिव सिटी म्यूजिक का दर्जा दे दिया है। यूनेस्को के सामने ग्वालियर का दावा सबसे मजबूत रहा। शहर संगीत को लेकर अधिक समृद्ध और ऐतिहासिक है। ग्वालियर में ही संगीत के सम्राट कहे जाने वाले तानसेन की जन्मस्थली है। तानसेन ही ध्रुपक के जनक रहे हैं। ग्वालियर के राजा मानसिंह ने ही ध्रुपद धमार की रचना भी की थी। इनके साथ ही शहर ने कई बड़े संगीतज्ञ भी दिए हैं।

अब यूनेस्को करेगा ग्वालियर शहर की ब्रांडिंग
यूनेस्को द्वारा ग्वालियर को म्यूजिक सिटी घोषित किए जाने के बाद अब शहर की ब्रांडिंग की जाएगी। यूनेस्को की वेबसाइट पर दुनिया के हेरिटेज स्थानों को दिखाया जाता है। इसके अंतर्गत आर्ट, म्यूजिक, क्राफ्ट, लिटरेचर, फूड के फेमस शहरों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। म्यूजिक सिटी बनने पर इसमें ग्वालियर को भी शामिल किया गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टूरिस्ट प्लानिंग में ग्वालियर शामिल किया जाएगा। दूसरे देशों के प्रतिनिधि जब हमारे देश में आएंगे तो उनके टूर प्लान में भी ग्वालियर को जोड़ा जा सकता है। इससे ग्वालियर में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दी शुभकामनाएं
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर लिखा मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश खासकर ग्वालियर-वासियों के लिए एक गौरव भरा ऐतिहासिक पल। मुझे यह बताते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि यूनेस्को द्वारा ग्वालियर को 'सिटी ऑफ म्यूजिक' की मान्यता दी गई है। ग्वालियर की यह उपलब्धि विश्व पटल पर मध्य प्रदेश की एक नई पहचान स्थापित करेगी और विकास व रोजग़ार के नये द्वार खोलेगी। सभी प्रदेश वासियों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि की अनंत बधाई तथा स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।

सीएम शिवराज ने दी शुभकामनाएं
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी बधाई देते हुए लिखा, मध्य प्रदेश के लिए आनंद एवं गौरव का अवसर...। आपको यह बताते हुए मुझे हर्ष के साथ गर्व हो रहा है कि यूनेस्को ने हमारे संगीत सम्राट तानसेन की जन्मस्थली ग्वालियर को सिटी ऑफ म्यूजिक की मान्यता दी है। ग्वालियर तथा प्रदेश को मिला यह सम्मान हमारी सांस्कृतिक विरासत एवं प्राचीन कला जगत का सम्मान है। मध्यप्रदेश की समस्त जनता को हृदय से शुभकामनाएं।

सोशल मीडिया पर देखें खेती-किसानी और अपने आसपास की खबरें, क्लिक करें...

- देश-दुनिया तथा खेत-खलिहान, गांव और किसान के ताजा समाचार पढने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म गूगल न्यूजगूगल न्यूज, फेसबुक, फेसबुक 1, फेसबुक 2,  टेलीग्राम,  टेलीग्राम 1, लिंकडिन, लिंकडिन 1, लिंकडिन 2टवीटर, टवीटर 1इंस्टाग्राम, इंस्टाग्राम 1कू ऐप से जुडें- और पाएं हर पल की अपडेट