बरेली, सीएम योगी आदित्य नाथ पहली जुलाई को मुरादाबाद सहित पांच जिलों में स्कूल चलो अभियान का आगाज करेंगे। पड़ोसी जिले में मुख्यमंत्री के आने से बरेली में भी अलर्ट जारी है। बरेली में भी स्कूल चलो अभियान सफल बनाने के लिए कमर कस ली गई है। पहली जुलाई को मुख्यमंत्री मुरादाबाद, कानपुर नगर, लखनऊ, वाराणसी और गोरखपुर में स्कूल चलो अभियान का आगाज करेंगे। इस बारे में शिक्षा निदेशक डा सवेंद्र विक्रम बहादुर सिंह ने पत्र जारी किया है। स्कूल चलो अभियान के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री 500 छात्र-छात्राओं को किताबें, बैग, यूनिफार्म और जूता-मोजा का वितरण करेंगे। वो नामांकन रथ को भी हरी झंडी दिखाएंगे। साथ ही बच्चों को मिड डे मील का वितरण करेंगे। मुख्यमंत्री का बरेली को लेकर अभी कोई कार्यक्रम नहीं है। उसके बाद भी बरेली के अधिकारी और शिक्षक सजग हो गए हैं। उसका कारण पिछले दिनों ही आया मुख्यमंत्री का एक बयान हैं, जिसमें उन्होंने स्कूलों के औचक निरीक्षण की बात कही थी। अधिकारियों ने शिक्षकों को पहली जुलाई को सक्रिय रहने का निर्देश दे दिया है। इस दिन सभी स्कूलों को समय से खोलने और साफ-सफाई करने को कहा गया है। स्कूलों को सजाकर नए प्रवेश किए जाएंगे।
अगले सप्ताह आ सकते हैं सीएम, तैयारियां जोरों पर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अगले सप्ताह बरेली आ सकते हैं। मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। लखनऊ से मुख्यमंत्री के बरेली दौरे का मैसेज आने बाद कलक्ट्रेट को संवारा जा रहा है। मुख्यमंत्री के निरीक्षण में कलक्ट्रेट को शामिल किया है। सीएम ने प्रदेश के मंडल मुख्यालयों का दौरा शुरू कर दिया है। सीएम ऑफिस से अगले सप्ताह की शुरुआत में ही सीएम के बरेली आने का मैसेज मिला है। सीएम को दौरे को देखते हुए अस्पताल से लेकर स्कूल और तहसील सबको संवारने का काम शुरू हो गया है। कलक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी ने तो सभी पटल सहायकों को पत्र जारी कर रिकार्ड रूम से लेकर अभिलेखों को दुरुस्त करने को कहा है। प्रशासन मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहता है। मुख्यमंत्री लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार निरीक्षण के लिए बरेली आ सकते हैं। ऐसे में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
जनप्रतिनिधियों का लिया जाएगा सहयोग
स्कूल चलो अभियान में सांसद-विधायकों सहित सभी जन प्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाएगा। बीएसए हर विकास खंड में एक नोडल अधिकारी की तैनाती करेंगी। हर महीने सभी ब्लाक शिक्षा अधिकारी और नोडल अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की जाएगी। हर महीने ट्रांजिशन की प्रगति रिपोर्ट डीएम को उपलब्ध कराई जाएगी।
पहली जुलाई से शुरू होगा दूसरा चरण
अप्रैल में नए सत्र के शुभारंभ में एक हफ्ते स्कूल चलो अभियान चलाया गया था। अब पहली जुलाई से अभियान का दूसरा चरण शुरू होगा। इसके लिए भी निदेशक ने पत्र जारी कर दिया है। उन्होंने कक्षा पांच और कक्षा आठ पास छात्र-छात्राओं के अगली कक्षा में शत प्रतिशत नामांकन का निर्देश दिया है। इसके लिए बेसिक और माध्यमिक दोनों को साथ-साथ काम करना होगा। शिक्षा निदेशक ने सभी अधिकारियों का काम भी तय कर दिया है। शासन यह सुनिश्चित करना चाहता है कि हर बच्चा स्कूल जरूर जाए। एक भी बच्चा न छूटे। इसके मद्देनजर ड्राप आउप बच्चों पर भी नजर रखी जा रही है।