भोपाल। जूना अखाड़ा के महंत रामगिरी महाराज ने कमलनाथ सरकार के आध्यात्मिक विभाग के गठन के फैसले की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार अफसर चलाते थे। लेकिन, यह सरकार धर्म के लिए काम कर रही है, बीजेपी धर्म के नाम पर वोट लेने का काम करती है। हमें भरोसा है कि अब राम मंदिर कांग्रेस ही बनवाएगी।

महंत रामगिरी महाराज ने कहा कि प्रदेश के सभी संत, पुजारी और अन्य संगठन हमारे साथ हैं। हम लोगों ने 15 साल तक बार-बार मध्यप्रदेश सरकार से गुहार लगाई, लेकिन जो काम 15 साल में नहीं हुआ, वह नई सरकार ने 2 महीने के बीच करना शुरू कर दिया है। नई सरकार हमारे कुछ काम कर रही है, कुछ कर दिए हैं और कुछ करना है। उन्होंने कहा कि हमें पूरा विश्वास है और हम लोग ऐसी सरकार को साधुवाद देते हैं। जिन्होंने धर्म को आगे किया, धर्म के माध्यम से जो आगे आएगा, वह आगे ही बढ़ेगा, हमें ऐसा पूरा विश्वास है। उन्होंने कहा कि शिवराज सरकार के यहां, प्रमुख सचिव के माध्यम से सरकार चलती थी। रामगिरी महाराज ने कहा कि इतने अच्छे मुख्यमंत्री बने हैं कि उन्होंने हमें बताया आज हमने आध्यात्मिक विभाग बना दिया है और इस विभाग के मंत्री पीसी शर्मा होंगे। संत समाज ने पीसी शर्मा के सम्मान के लिए 13 मार्च को नार्मदीय भवन में कार्यक्रम आयोजित सम्मान करने Ñजा रहा है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कमलनाथ के साथ पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के शामिल रहने की बात कही गई है।
कांग्रेस पर जताया विश्वास
यहां महंत रामगिरी महाराज ने राम मंदिर पर चर्चा करते हुए कहा कि अभी मैं कुंभ गया था, धर्म संसद में भी गया था, जहां भी गया, वहां पर राम मंदिर को लेकर सही तौर पर कोई निर्णय नहीं हुआ है। हमें ऐसा विश्वास है कि राम मंदिर अब कांग्रेस ही बनवाएगी। क्योंकि धर्म संसद में राम मंदिर को लेकर कोई खुला आश्वासन नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि बीजेपी राम मंदिर के नाम पर वोट लेती है, उन्होंने कहा सिर्फ वोट के लिये धर्म का नाम लेते हैं लेकिन मध्यप्रदेश में मठ मंदिरों को कोई काम नहीं किया साथ ही हमारी जमीन नीलाम करने की कोशिश की, जिसे हमने बड़ी मुश्किल से छुड़वाया है।
अधिकारियों पर जताई नाराजगी
सरकार के कामों की तारीफ करने वाली महंत रामगिरी महराज ने अधिकारियों के व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना था कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के करीबियों को महत्व मिलने के कारण यह स्थिति बनी है। सरकार ठीक है और अधिकारी नहीं, के सवाल पर उनका कहना था कि सरकार की छवि सिर्फ एक अधिकारी ही खराब कर रहा है अन्य नहीं।