640 करोड़ के एनेक्सी निर्माण की जांच कराई सरकार

640 करोड़ के एनेक्सी निर्माण की जांच कराई सरकार
भोपाल। कमलनाथ सरकार को अब भाजपा सरकार द्वारा 640 करोड़ की लागत से बनाई गई एनेक्सी (मंत्रालय भवन विस्तार) में भी घोटाला दिखाई दे रहा है। सामान्य प्रशासन मंत्री डॉ गोविंद सिंह ने कहा है कि भाजपा सरकार ने 120 करोड़ का काम कई गुना राशि खर्च करके किया है। जिसमें जमकर घोटाला किया गया है। इसकी जांच कराई जाएगी। गोविंद सिंह ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के मामले में भाजपा महमूद गजनवी से भी आगे निकल गई है। सरकार बदलने के साथ ही भाजपा नेता अब मंत्रियों के निशाने पर हैं। लगातार एक के बाद एक हमले हो रहे हैं। सहकारिता और सामान्य प्रशासन मंत्री गोविंद सिंह ने भाजपा को महमूद गजनवी का दादा बताया है। उन्होंने कहा कि महमूद गजनवी तो देश को लूटने आया था, लेकिन बीजेपी तो देशवासियों को ही लूट रही है। मंत्री गोविन्द सिंह आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी बीते सालों में लगातार प्रदेश की जनता को मूर्ख बना रही है और लूट खसोट मचा रखी। उन्होंने कहा कि गजनवी तो विदेशी था और उसने देश पर 14 बार हमला किया और लूटा। लेकिन भाजपा ने तो 15 साल में प्रदेश को लूटा है। ऐसी कोई जगह नहीं है जहां भाजपा ने लूट नहीं की हो। अब चंदे के नाम पर भाजपा प्रदेश की जनता के साथ फिर वही लूटखसोट कर रही है। भ्रष्टाचारियों को छोड़ेंगे नहीं डॉ सिंह ने एनेक्सी निर्माण में घोटाले का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 120 करोड़ रुपए की जगह पांच गुना अधिक राशि खर्च की है। इस काम में 120 करोड़ खर्च होने थे। सचिवालय के नाम पर बीजेपी सरकार ने बड़ा पैमाने पर घोटाले को अंजाम दिया है। अब भ्रष्टाचार के हर मामले की जांच की जाएगी। भ्रष्टाचारियों को बख्शा नहीं जाएगा। अगर हम भी भ्रष्टाचार करेंगे तो सजा जरूर मिलेगी।