IAF ने दिखाए सबूत, पाक का F16 क्रैश हो PoK में गिरा था

IAF ने दिखाए सबूत, पाक का F16 क्रैश हो PoK में गिरा था

नई दिल्ली
भारतीय वायुसेना ने साफ कहा है कि उसके पास इस बात के पक्के सबूत हैं कि पाकिस्तान की एयरफोर्स ने 27 फरवरी को एफ-16 का इस्तेमाल किया था और IAF के मिग 21 बायसन ने एक F-16 को मार गिराया था। सोमवार को मीडिया के सामने आकर एयर वाइस मार्शल आरजीके कपूर ने पाकिस्तान द्वारा फैलाए जा रहे झूठ को बेनकाब करते हुए सबूतों को सामने रखा। IAF ने AWACS (एयरबॉर्न वॉर्निंग ऐंड कंट्रोल सिस्टम) रेडार की तस्वीरें भी जारी की हैं।

रेडार इमेज का विश्लेषण करते हुए कपूर ने बताया कि इसमें लाल निशान में 3 एयरक्राफ्ट दिख रहे हैं, जो पाकिस्तान के एफ-16 हैं। दाहिनी तरफ ब्लू सर्कल में पायलट अभिनंदन वर्तमान के मिग 21 बायसन एयरक्राफ्ट के होने का पता चलता है। कुछ ही देर बाद ली गई दूसरी इमेज में पाकिस्तान का एक एफ-16 एयरक्राफ्ट दिखाई नहीं देता है। दरअसल, वह नष्ट हो चुका था।

एयर वाइस मार्शल ने दिखाई लोकेशन
एयर वाइस मार्शल ने डॉगफाइट की लोकेशन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान का एफ16 पीओके के सब्जकोट इलाके में गिरा था। भारत का मिग21 क्रैश हुआ था, जिसके पायलट सुरक्षित निकल गए थे लेकिन उनका पैराशूट पीओके में गिरा था।

अपनी बातों में ही फंसा पाक
एयर वाइस मार्शल ने आगे कहा कि DG-ISPR ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि उनके पास दो पायलट थे। एक कस्टडी में जबकि दूसरे को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी बात को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने भी अपने बयान में कहा था। इन सबसे साबित होता है उस दिन उसी क्षेत्र (पाक अधिकृत कश्मीर) में दो प्लेन क्रैश हुए थे।

IAF ने एक बयान में कहा, 'इसमें कोई भी संदेह नहीं है कि 27 फरवरी 2019 को आसमान में डॉगफाइट के दौरान दो प्लेन गिरे थे। इनमें से एक IAF का बायसन था जबकि दूसरा पाकिस्तान एयरफोर्स का एफ-16 और इनकी पहचान इलेक्ट्रॉनिक सिग्नेचर और रेडियो ट्रांसक्रिप्ट से हुई है।'

एयर वाइस मार्शल ने कहा कि हमारे पास विश्वसनीय सबूत हैं, जो बताते हैं कि पाकिस्तान ने एक एफ-16 खोया है। हालांकि सुरक्षा और गोपनीयता की चिंताओं के कारण हम इसकी जानकारी पब्लिक डोमेन में शेयर करने से बच रहे हैं।