awdhesh dandotia
मुरैना। विधानसभा निर्वाचन 2018 के लिये नगरपालिक निगम कार्यालय पर महिलाओं द्वारा संचालित आदर्श मतदान केन्द्र की मतदाताओं ने जमकर सराहना की। यह मतदान केन्द्र सभी के लिये आकर्षण का केन्द्र बना रहा।

स्वीप गतिविधि के तहत मतदाता जागरूकता अभियान के अन्तर्गत अनेकों प्रकार के आयोजन मतदान से पूर्व आयोजित किये गये। वहीं नगरपालिक निगम द्वारा मुरैना विधानसभा के मतदान केन्द्र क्रमांक 83 को आदर्श मतदान केन्द्र बनाया गया। जिसे महिलाओं के सहयोग से संचालित किया गया। मतदान दिवस पर यूं तो कई अन्य जगह भी आदर्श मतदान केन्द्र बनाये गये किन्तु नगरपालिक निगम द्वारा बनाये गये आदर्श मतदान केन्द्र की सभी मतदाताओं ने जमकर सराहना की। नगरपालिक निगम कार्यालय पर बनाये गये आदर्श मतदान केन्द्र पर विशेष रूप से मतदाताओं के लिये प्रतीक्षा कक्ष, बच्चों के लिये खिलौना घर, महिलाओं के लिये विश्राम कक्ष एवं पेयजल की उचित व्यवस्था की गयी। नगरपालिक निगम स्वीप गतिविधि के नोडल अधिकारी रहीम चौहान ने बताया कि नगर में संचालित स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने मतदाताओं को जागरूक करने के लिये घर-घर जाकर आमंत्रण पत्र वितरित किये जिसके परिणाम भी अपेक्षित आये। मतदान प्रतिशत में महिलाओं की भागीदारी पुरूषों से अधिक रही। वहीं महिलाओं द्वारा आदर्श मतदान केन्द्र का सफल संचालन किया गया। जिसकी नगर भर के मतदाताओं ने जमकर सराहना की।