माइनिंग ब्लॉक्स के ऑक्शन में राजस्थान अव्वल, परिचालन में लाने पर फोकस: मुख्य सचिव
जयपुर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने खान विभाग द्वारा मेजर और माइनर ब्लॉकों के ऑक्शन में तेजी और नीलाम खानों को परिचालन में लाने के विभागीय प्रयासों की सराहना करते हुए अरावली जिलों को छोड़कर (नोन अरावली) अन्य स्थानों पर मिनरल एक्सप्लोरेशन और माइनिंग ब्लॉकों पर फोकस करने पर जोर दिया है। इस वित्तीय वर्ष में ही अब तक 24 मेजर मिनरल ब्लॉकों का ऑक्शन कर राजस्थान समूचे देश में मेजर मिनरल ब्लॉकों के ऑक्शन में अव्वल आ गया है। उन्होंने संबंधित विभागों से परस्पर समन्वय व संवाद बनाकर अन्तरविभागीय मुद्दों के निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि इससे प्रदेश में खनिज क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रुप से निवेश, रोजगार और राजस्व के नए अवसर विकसित होंगे।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास बुधवार को सचिवालय के चिंतन कक्ष में खान विभाग के अंतरविभागीय प्रकरणों से जुड़ी वरिष्ठ अधिकारियों की राज्य स्तरीय समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में सिया, वन, नगरीय विकास, राजस्व और परिवहन विभाग से माइंस विभाग से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नीलाम खानों को परिचालन में लाने में भी हमें समूचे देश में अग्रणी प्रदेश बनना है, इसके लिए आवश्यक अनुमतियां जारी करने और खनन कार्य आरंभ कराने के लिए संबंधित विभागों को एक्शन मोड़ पर आगे आना होगा।
श्रीनिवास ने जोधपुर शहर से जुड़े खनिज ब्लॉकों में खनन अनुमति के संबंध में अलग से बैठक करने के निर्देश दिये। साथ ही खान विभाग व परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त अभियान चलाकर खनन परिवहन में लगे वाहनों की अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने सिया-सेक स्तर पर बकाया ईसी प्रकरणों के तेजी से निस्तारण को कहा।
अतिरिक्त मुख्य सचिव माइंस एवं पेट्रोलियम श्रीमती अपर्णा अरोरा ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में 55 मेजर मिनरल ब्लॉकों के साथ ही माइनर मिनरल ब्लॉकों के ऑक्शन का रोडमैप बनाकर क्रियान्वयन किया जा रहा है। विभागीय स्तर पर खानधारकों व संबंधित विभागों के बीच समन्वय, सहयोग, मार्गदर्शन के लिए पोस्ट ऑक्शन फेसिलिटेशन सेल बनाकर नियमित समीक्षा व समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विभाग का फोकस अब नीलाम खानों को परिचालन में लाने पर है।
एसीएस माइंस श्रीमती अरोरा ने बताया कि मेजर मिनरल खानों के परिचालन में तेजी लाई गई है, वहीं 716 माइनर मिनरल खानों को परिचालन में लाया जा चुका है। उन्होंने बताया कि नीलाम खानों की पर्यावरण स्वीकृति के कार्य में तेजी आई पर अभी और तेजी की आवश्यकता है। उन्होंने कहा सिया-सेक द्वारा पर्यावरण स्वीकृति के लिए प्राप्त प्रस्तावों पर निर्णय के समय ही संबंधित आवेदक खानधारकों को भी बुलाने से आवश्यक औपचारिकताओं में कमी होने पर तत्काल पूरा कराया जा सकता है। इससे स्वीकृति जारी करने में विलम्ब से बचा जा सकेगा।
श्रीमती अरोरा ने नगरीय विकास विभाग के जोधपुर, जयपुर-सांगानेर, कोटा आदि शहरी क्षेत्र से जुड़े माइनिंग ब्लॉकों में खनन स्वीकृति जारी करने पर जोर दिया ताकि इन क्षेत्रों में अवैध खनन को रोका जा सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि हम बेशकीमती खनिज संपदा को कहीं शिफ्ट नहीं कर सकते, ऐसे में खनिज चिन्हित क्षेत्रों पर वन, राजस्व, नगरीय विकास सहित संबंधित विभागों द्वारा परियोजना या अन्य निर्णय से पूर्व खान विभाग से समन्वय किया जाए। परिवहन विभाग से संबंधित बिन्दुओं पर चर्चा करते हुए कहा कि अवैध खनन परिवहन में लिप्त चिन्हित वाहनों की सूचना विभाग द्वारा परिवहन विभाग को उपलब्ध कराई जा रही है, उन वाहनों का रजिस्ट्रेशन निरस्त करने की कार्रवाई की जाए, ताकि अवैध खनन परिवहन गतिविधियां करने वालों को सख्त संदेश दिया जा सके। उन्होंने खनन परिवहन वाहनों से दुर्घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इन वाहनों पर स्पीड़ गवर्नर लगवाने के आदेशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित कराई जाए।
अतिरिक्त मुख्य सचिव वन आनंद कुमार ने कहा कि एसीएस स्तर पर नियमित समीक्षा के साथ ही अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रमों में संबंधित को भी बुलाने के निर्देश दे दिए जाएंगे। इसी तरह से संरक्षण क्षेत्र घोषित करने संबंधी कार्रवाई से पहले खान विभाग से भी समन्वय बनाया जाएगा।
एसीएस नगरीय विकास आलोक गुप्ता ने बताया कि बजरी से संबंधित प्रकरणों में अनुमति जारी कर दी गई है। वहीं अन्य मुद्दों पर भी नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा।
सचिव परिवहन पुरुषोत्तम शर्मा ने बताया कि मुख्य सचिव महोदय के निर्देशानुसार स्पीड गवर्नर के निर्देश जारी है और अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि खनिज परिवहन वाहनों पर कार्रवाई के लिए संयुक्त अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में सिया अध्यक्ष मुनिश गर्ग, विशिष्ट सचिव माइंस श्रीमती नम्रता वृष्णि, सिया सचिव श्रीमती शैलजा देवल, मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक केसीए अरुण प्रसाद, श्रीमती कोविता, उप सचिव राकेश कुमार, निदेशक माइंस एमपी मीणा, अतिरिक्त निदेशक महेश माथुर, एसएमई जोधपुर देवेन्द्र गौड़, ओएसडी डॉ. अनुज सक्सेना, श्रीकृष्ण शर्मा, गृह, वन, राजस्व, परिवहन, खान तथा सिया के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
bhavtarini.com@gmail.com

