J&K: हंदवाड़ा में मुठभेड़ के तीसरे दिन 2 और आतंकी ढेर, अब तक 5 जवान शहीद
कुपवाड़ा
जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा में आतंकियों के साथ पिछले तीन दिन से चल रही मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को कामयाबी मिली है। रविवार को दो और आतंकियों को मार गिराया गया है। इस मुठभेड़ में अब तक पांच सुरक्षाकर्मी शहीद हो चुके हैं। एनकाउंटर के दौरान शहीदों में तीन सीआरपीएफ जवान और दो जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान शामिल हैं।
भारतीय सेना की नॉर्दर्न कमांड ने अपने ट्वीट में कहा है, 'कुपवाड़ा में चल रहे ऑपरेशन बाबागुंड में दो आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया है। मुठभेड़ स्थल पर जॉइंट ऑपरेशन अभी जारी है।' जानकारी के मुताबिक, आतंकी एक घर में छिपे हुए थे। बता दें कि सुरक्षाकर्मी एनकाउंटर के बाद शुक्रवार को जब मलबे की तलाशी कर रहे थे तभी अचानक एक आतंकी निकलकर फायरिंग करने लगा था।
हंदवाड़ा के बाबागुंड में चल रही इस मुठभेड़ की वजह से स्थानीय लोगों में भी दहशत है। आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान सीआरपीएफ की 92वीं बटैलियन में तैनात उत्तर प्रदेश के मोदीनगर के विनोद कुमार शहीद हो गए थे। विनोद शुक्रवार को आतंकियों की गोली लगने के बाद घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें उनके साथी हॉस्पिटल ले जाने लगे, तभी रास्ते में वह शहीद हो गए। विनोद के भाई राजेंद्र ने बताया उन्हें शुक्रवार रात 8 बजकर 30 मिनट पर शहादत की सूचना मिली थी। राजेंद्र बताते हैं, 'विनोद 8 फरवरी को ही ड्यूटी पर लौटे थे।'
#IndianArmy#OpBabagund(Kupwara).
— NorthernComd.IA (@NorthernComd_IA) March 3, 2019
Two terrorists killed.
Joint operations in progress.@adgpi@PIB_India @SpokespersonMoD @crpfindia @JmuKmrPolice
उधर, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हंदवाड़ा में ही शहीद पिंटू कुमार सिंह की शहादत पर भी दुख व्यक्त किया है। बेगूसराय जिले के रहने वाले पिंटू हंदवाड़ा में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में शुक्रवार को शहीद हो गए थे।
आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच चल रही इस मुठभेड़ के साथ ही आसपास के क्षेत्र में भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सुरक्षाबलों ने आतंकियों के ठिकाने को चारों ओर से घेरा हुआ है और लगातार उन पर जवाबी कार्रवाई की जा रही है।
बता दें कि 14 फरवरी (गुरुवार) को पुलवामा जिले में सीआरपीएफ के काफिले पर आतंकी हमला हो गया था। इस हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे। इस घटना के बाद पूरे देश में आक्रोश की लहर दौड़ पड़ी। भारतीय वायुसेना ने पुलवामा अटैक का बदला लेने के लिए पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में दाखिल होकर एयर स्ट्राइक के जरिए जैश-ए-मोहम्मद के कई आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया।
bhavtarini.com@gmail.com 
