नैनपुर जनसुनवाई में पहुँचे कलेक्टर

नैनपुर जनसुनवाई में पहुँचे कलेक्टर

नैनपुर जनसुनवाई में पहुँचे कलेक्टर

56 आवेदकों की सुनी समस्याऐं

mandla-collector-reached-nainpur-for-public-hearing Syed Javed Ali मण्डला - कलेक्टर डॉ. जगदीश चन्द्र जटिया अपनी निर्धारित कार्यक्रम के तहत् नैनपुर अनुविभाग की जनसुनवाई में पहुंचे। नैनपुर जनसुनवाई में 56 आवेदकों ने अपनी समस्याओं संबंधी आवेदन सौंपे। डॉ. जटिया ने प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए एसडीएम नैनपुर रीता डहेरिया को निर्देशित किया। उन्होंने पट्टा, चिकित्सालय में डॉक्टर की कमी, अतिवृष्टि के कारण हुए नुकसान का मुआवजा आदि विषयों से संबंधित आवेदनों पर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने नगरपालिका के निर्माण कार्यों को समय सीमा में पूरा कराने संबंधी आवेदन पर सीएमओ नगरपालिका को निर्देश दिये। कलेक्टर ने पशु चिकित्सा केन्द्र के स्थान परिवर्तन से संबंधित समस्या को सुनते हुए आवेदकों से सुझाव भी मांगे। डॉ. जटिया ने जनसुनवाई में प्राप्त प्राकृतिक प्रकोप एवं बारिश के कारण हुए नुकसान का मुआवजा नियमानुसार तत्काल स्वीकृत करने के निर्देश दिये। उन्होंने एसडीएम एवं तहसीलदार को राजस्व से संबंधित प्रकरणों के निराकरण के लिए प्रभावी कार्यवाही करने की बात कही। जनसुनवाई में एसडीएम नैनपुर रीता डहेरिया सहित अनुविभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। जिला मुख्यालय की जनसुनवाई में पहुंचे 106 आवेदक - जिला योजना भवन में आयोजित जनसुनवाई में 106 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किये। अपर कलेक्टर मीना मसराम एवं संयुक्त कलेक्टर आशा कुशरे ने लोगों की समस्याऐं सुनते हुए उनके समुचित निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। जनसुनवाई में 3 आवेदकों को कृत्रिम अंग प्रदान किये गये। जनसुनवाई में खोड़ाखुदरा घुघरी के निवासियों ने उचित मूल्य दुकान से खाद्यान्न वितरण न किये जाने की शिकायत करते हुए उचित कार्यवाही की मांग की। फूलवाड़ी मंडला निवासी सुमंत्री बैरागी ने अतिवर्षा के कारण जर्जर हुई झोपड़ी के सुधार के लिए आर्थिक सहायता के लिए आवेदन दिया। बैगाटोला चुरिया के निवासियों ने सड़क निर्माण तथा बिजली लगवाने के लिए अपना आवेदन प्रस्तुत किया। इसी प्रकार भालीवाड़ा नैनपुर के जवाहर गौंड़ ने बिजली बिल में सुधार करने के लिए, बसनिया मोहगांव के निवासियों ने खाद्यान्न के लिए पात्रता पर्ची दिलवाने, लावरमुड़िया के चंद्रसिंह वरकड़े ने पेंशन भुगतान में हो रहे विलंब के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जनसुनवाई के दौरान दुर्गाप्रसाद मरावी तिलईपानी एवं नीरज रावत कटरा को उनकी मांग पर ट्रायसकिल तथा धनीराम चौधरी दिवारा को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया।