प्रधानमंत्री मोदी मप्र के 78 लाख किसानों के खाते में डालेंगे सम्मान निधि

प्रधानमंत्री मोदी मप्र के 78 लाख किसानों के खाते में डालेंगे सम्मान निधि

पीएम आज अटल जयंती पर देशभर के किसानों से संवाद करेंगे

भोपाल। किसान आंदोलन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर से मध्य प्रदेश समेत देश के किसानों से 25 दिसंबर को रूबरू होंगे। 7 दिन के अंदर दूसरी बार है, जब मोदी किसानों से संवाद करने जा रहे हैं और 18 हजार करोड़ रुपए 9 करोड़ किसानों के खाते में सम्मान निधि ट्रांसफर करेंगे। इससे मध्यप्रदेश के 78 लाख किसानों को फायदा मिलेगा। दरअसल, भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर को भाजपा सुशासन दिवस के रूप में मनाएगी। इसी दिन मोदी किसान सम्मान निधि के 18 हजार करोड़ रुपए 9 करोड़ किसानों के खातों में भेजेंगे। प्रधानमंत्री किसानों को दोपहर 12 बजे से संबोधित करेंगे और उनके इस संबोधन को प्रदेश के एक करोड़ किसान सुनेंगे। वहीं मप्र के सीएम शिवराज सिंह चौहान होशंगाबाद जिले के बाबई में किसानों को संबोधित करेंगे। उनके साथ ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी मौजूद होंगे। सुबह 11 बजे से मुख्यमंत्री का संबोधन होगा और दोपहर 12 बजे से मोदी वर्चुअली किसानों को संबोधित करेंगे।