praveen namdevजबलपुर, मध्य प्रदेश के एक शासकीय स्कूल में के प्रधानाध्यापक को मुख्यमंत्री कमलनाथ के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में सस्पेंड कर दिया गया है। गौरतलब है कि सीएम कमलनाथ के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी वाला यह विडियो वायरल होने के बाद संबंधित प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया है।
कांग्रेस नेताओं की शिकायत पर जिला कलेक्टर छबि भारद्वाज ने शासकीय कनिष्ठ बुनियादी माध्यमिक शाला राइट टाउन के प्रधानाध्यापक मुकेश तिवारी को सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के उपनियम 1,2,3 के उल्लंघन के मामले में निलंबित कर दिया है। शिकायत में कहा गया था कि वायरल हुए विडियो के अनुसार, एक बैठक को संबोधित करते हुए तिवारी ने कथित तौर पर कहा, 'पिछले 14 साल के भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) शासनकाल में सेवा भारती प्रताड़ित हुई है। अब कांग्रेस की सरकार आ गई है, जब अपने वालों ने परेशान किया तो गैरों से क्या उम्मीद कर सकते हैं। हमारे शिवराज ...... हैं, तो कमलनाथ डाकू हैं।'
सोशल मीडिया में 32 सेकंड का विडियो वायरल होने के बाद स्थानीय कांग्रेसी नेताओं ने प्रधानाध्यापक के कृत्य की शिकायत जिला कलेक्टर छबि भारद्वाज से की थी। निलंबन आदेश के मुताबिक, निलंबन अवधि के दौरान तिवारी ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जबलपुर से सम्बद्ध रहेंगे।