विदेश से लौटी प्रियंका, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से की मुलाकात

विदेश से लौटी प्रियंका, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से की मुलाकात
नयी दिल्ली। कांग्रेस महासचिव के तौर पर जिम्मेदारी संभालने से पहले प्रियंका गांधी वाड्रा उत्तर प्रदेश में चुनाव रणनीति का खाका तैयार करने में जुट गई हैं। प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया मिशन यूपी की शुरुआत से पहले सभी संगठन की स्थिति की जायजा ले रहे हैं। क्योंकि, दोनों नेताओं पर प्रदेश में संगठन को नए सिरे से खड़ा करते हुए लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन की चुनौती हैं। पिछले चुनाव में कांग्रेस को सिर्फ दो सीट मिली थी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की अध्यक्षता में मंगलवार देर शाम पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, ज्योतिरादित्य सिंधिया, केसी वेणुगोपाल और प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर की बैठक हुई। बैठक में संगठन की स्थिति और चुनाव रणनीति पर चर्चा हुई। प्रियंका गांधी वाड्रा सोमवार तड़के ही विदेश से लौटी हैं और लौटने के फौरन बाद उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात की थी। इस मुलाकात में ज्योतिरादित्य सिंधिया और राजबब्बर मौजूद थे। जल्द सक्रिय होंगी कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि पार्टी महासचिव की जिम्मेदारी संभालने के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा सोशल मीडिया पर आ जाएगीं। उनके मुताबिक, उनका ट्वीटर एकाउंट तैयार है। वह जल्द सोशल मीडिया पर सक्रिय हो जाएगीं। पार्टी का कहना है कि प्रियंका गांधी जल्द औपचारिक तौर पर जिम्मेदारी संभाल लेंगी। बैठक में शामिल होंगी   कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की अध्यक्षता में होने वाली पार्टी महासचिवों की बैठक में हिस्सा लेंगी। पार्टी के एक पदाधिकारी ने कहा कि प्रियंका की पार्टी महासचिव के तौर पर यह पहली औपचारिक बैठक होगी। क्योंकि, बैठक में हिस्सा लेने से पहले वह पार्टी महासचिव की जिम्मेदारी संभाल लेंगी। राहुल गांधी के बराबर वाला कमरा आवंटित इस बीच प्रियंका गांधी वाड्रा को पार्टी मुख्यालय में दफ्तर आवंटित कर दिया गया है। उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बराबर वाला कमरा आवंटित किया गया है। पार्टी महासचिव और उपाध्यक्ष के तौर पर राहुल गांधी इस कमरे में बैठा करते थे। मां सोनिया गांधी से मिलीं कांग्रेस महासचिव के तौर पर जिम्मेदारी संभालने से पहले प्रियंका गांधी वाड्रा ने शाम को यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास दस जनपथ गई। दस जनपथ में प्रियंका काफी देर तक रही। इसके बाद बैठक में हिस्सा लेने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के सरकारी निवास पहुंची।