satyanarayan sharma
मौ । मौ कस्बे में बीपीएल कार्ड धारियों के पास राशन पर्ची न होने से उनको पिछले एक साल से राशन नहीं मिल पा रहा है। राशन के अभाव में कई गरीब तबके के नागरिकों को जीवन यापन करने में काफी परेशानियेां का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन संबंधित अधिकारियों के द्वारा अभी तक समस्या निराकरण करने की पहल तक नहीं की गई है।
उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा गरीब तबके को नगरीय निकाय के माध्यम से बीपीएल कार्ड मुहैया कराए गए हैं। इन बीपीएल कार्ड की मदद से पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जाता है जिससे उनको जीवन यापन करने में कोई तकलीफ न हो सके। लेकिन मौ कस्बे में करीब एक साल पहले बांटे गए बीपीएल कार्ड धारियों को अभी तक राशन पर्ची नहीं मिल सकी है। राशन पर्ची नहीं मिलने के कारण एक सैंकड़ा से अधिक कार्डधारी नागरिक शासन से मिलने वाले हक(राशन) से वंचित हो रहे हंै। बताया गया कि सीएमओ की कुर्सी खाली पड़ी रहती है, इसलिए कुछ नागरिकों द्वारा उन्हें फोन से बात करने की कोशिश भी की लेकिन बात नहीं हो सकी। पर्ची लेने के लिए जब हितग्राही नगर परिषद में पहुंचते हैं तो वहां पर मौजूद कर्मचारियों के द्वारा उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी भी नहीं दी जाती है।
हमारी कोई नहीं सुन रहा
मौ कस्बा वार्ड 14 निवासी अमीना बेगम, सलीम खान, अनु बेगम, रफीक खान, वार्ड 10 निवासी मुन्नालाल तथा अन्य वार्ड वासियों आशा भाई, जमीला बेगम, रूपमाला, अंजू बेगम, रामेन्द्र गौड, अजय, दिलीप, तबस्सुम बेगम ने सामूहिक रूप से बताया कि उनके पास एक साल पहले बीपीएल कार्ड आ गए थे लेकिन अभी तक राशन पर्ची नहीं आई है जिससे राशन उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
इनका कहना है
भिण्ड जिले में बीपीएल कार्डधारी संख्या अधिक होने से भोपाल से पर्ची नहीं आ रही है। पात्र हितग्राही परेशान हैं इसे दिखवाते हैं।
डीके शर्मा, एसडीएम गोहद।
बड़ी मुश्किल से एक साल पहले बीपीएल कार्ड बन पाया था। कार्ड मिला तो सोचा था कि अब हर महीने राशन मिलने लगेगा। लेकिन अभी तक पर्ची नहीं मिली है इसलिए राशन भी नहीं दिया जा रहा है।
अनु बेगम, निवासी वार्ड 14 मौ।