अखिलेश का हमला: इतिहास से छेड़छाड़ कर देश की आजादी के मायने बदलना चाहती है BJP

लखनऊ
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर और इतिहास से छेड़छाड़ कर भारतीय जनता पार्टी देश की आजादी के मायने बदलना चाहती है।

अखिलेश ने कहा कि बीजेपी ने किसानों, गरीबों और नौजवानों के साथ धोखा किया है। उसकी गलत नीतियों के चलते पूरी अर्थव्यवस्था चौपट है और कानून का राज अराजकता में बदल गया है। राजनीति में मर्यादा और आदर्शों की अवहेलना हो रही है। जब सत्ता के शीर्ष नेता अहंकार का प्रदर्शन और अपशब्दों का प्रयोग करते हैं तो बीजेपी के विधायक-सांसद भी उसी तरह का आचरण करने लगते हैं। सत्तामद में बीजेपी लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी कर रही है।

बता दें कि, अखिलेश यादव सपा मुख्यालय में समाजवादी नेता एवं पूर्व मंत्री शारदानंद अंचल की 8वीं पुण्यतिथि पर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने की। कार्यक्रम का संयोजन पूर्व विधायक जय प्रकाश अंचल ने और संचालन अमित त्रिपाठी ने किया।