SBI का आधार इनेबल्ड पेमेंट सर्वर RBI ने कर दिया बंद? जानिए इस वायरल दावे की सच्चाई
नई दिल्ली
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक झूठ स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के ग्राहकों को परेशान कर रहा है। वायरल हो रहे पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने स्टेट बैंक का आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम (AePS) सर्वर बंद कर दिया है। यदि आपको भी ऐसा कोई मैसेज मिला है तो इसको लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है। आइए हम आपको पूरी बात बताते हैं।
क्या कहा गया है वायरल पोस्ट में?
महत्वपूर्ण सूचना: आप सभी से निवदेन है कि यदि भारतीय स्टेट बैंक का 14 अप्रैल तक आधार कार्ड (AePS) द्वारा पैसा नहीं निकालें। इसका सर्वर RBI द्वारा 14 अप्रैल तक स्थाई रूप से बंद कर दी गई है...अगर आप भारतीय स्टेट बैंक का पैसा आधार कार्ड द्वारा निकाल रहे हैं तो आपका पैसा सर्वर में फंस सकता है 14 अप्रैल तक सर्वर डाउन रहेगा। Reserve Bank Of Indian
PIB ने बताया सच
प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने रविवार को इस वायरस मैसेज का खंडन किया। PIB ने कहा कि यह दावा झूठा है। ऐसा कोई भी निर्णय RBI द्वारा नहीं लिया गया है। RBI ने भारतीय स्टेट बैंक के आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम का सर्वर बंद नहीं किया है।
दावा : RBI द्वारा भारतीय स्टेट बैंक की आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम (AePS) का सर्वर 14 अप्रैल तक बंद कर दिया गया है |
तथ्य : यह दावा झूठा है | ऐसा कोई भी निर्णय @RBI द्वारा नहीं लिया गया है |
एक व्हाट्सऐप मैसेज पर फेक का मोहर| इसमें दावा किया गया है की RBI द्वारा भारतीय स्टेट बैंक की आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम (AePS) का सर्वर 14 अप्रैल तक बंद कर दिया गया है |
क्या है आधार इनेबल्ड पेमेंट?
स्टेट बैंक सहित कई बैंकों ने अपने ग्राहकों को आधार इनेबल्ड पेमेंट की सुविधा दी है। इसके तहत कोई ग्राहक अपने आधार कार्ड और बायोमेट्रिक के जरिए खाते से रकम निकाल सकता है। एईपीएस में ट्रांजैक्शन बायोमेट्रिक एनेबल्ड पॉइंट ऑफ सेल्स से किया जाता है। इसके माध्यम से ग्राहक अपना पैसा निकाल सकते हैं। साथ ही मर्चेंट को सीधे भुगतान भी कर सकते हैं। ऐसा करने के लिए ग्राहकों को डेबिट कार्ड के इस्तेमाल की आवश्यकता नहीं होती। इस सुविधा का इस्तेमाल अधिकतर ऐसे ग्राहक करते हैं जो स्मार्टफोन और डेबिट कार्ड का इस्तेमाल करने में झिझकते हैं।
bhavtarini.com@gmail.com 
