समस्याओं के निराकरण के लिए क्लस्टर स्तर पर लगेंगे शिविर
समय सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न
Syed Sikandar Ali
मण्डला - समय सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर अनय द्विवेदी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्लस्टर स्तर पर शिविर लगाकर जन समस्याओं का निराकरण किया जाए। शिविर में हितग्राहीमूलक योजनाओं की क्रियान्वयन का फीडबैक लेते हुए प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण किया जाए। बैठक में अपर कलेक्टर मनोज ठाकुर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एसएस रावत सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने निर्देशित किया कि शिविर का कार्यक्रम निर्धारित करते समय वनग्रामों को प्राथमिकता दी जाए तथा 3-4 गाँवों को मिलाकर क्लस्टर का निर्धारण किया जाए। शिविर की रूपरेखा इस तरह बनाई जाए कि प्रथम 2 दिवस विकासखण्ड स्तर के अधिकारी क्लस्टर के गांवों में भ्रमण करेंगे तथा हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी लेते हुए समस्याओं के निराकरण की पहल करेंगे। तृतीय दिवस कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं सीईओ जिला पंचायत सहित जिला स्तर के अधिकारी उक्त ग्राम में जाकर समीक्षा करेंगे। कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि जिले में जितनी भी सड़कों का निर्माण कार्य चल रहा है उन्हें उचित गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूर्णं कराना सुनिश्चित करें। इसी प्रकार सड़कों के सुधार कार्यों में भी गति लाई जाए। श्री द्विवेदी ने निर्देशित किया कि खनिज मजदूरों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए स्वास्थ्य विभाग एवं श्रम विभाग के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाए। लोकसभा चुनाव के लिए मतदाता सूची पुनरीक्षण किया जा रहा है सभी अधिकारी, कर्मचारियों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराना कार्यालय प्रमुख की जिम्मेदारी है।
पेयजल समस्या से निपटने अभी से करें तैयारी -
कलेक्टर अनय द्विवेदी ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेयजल समस्या वाले ग्रामों का भ्रमण करें तथा समय रहते समुचित कार्ययोजना बनाकर क्रियान्वित करें जिससे ग्रीष्म ऋतु में भी हर गांव में पेयजल उपलब्ध हो सके। पानी की समस्या के आधार पर गांवों को तीन जोनों में विभक्त किया जाए। रेड जोन में उन गांवों को शामिल किया जाए जहां पानी की समस्या 70 प्रतिशत से अधिक है।
सड़कों से अतिक्रमण हटाने करें कड़ी कार्यवाई -
कलेक्टर अनय द्विवेदी ने निर्देशित किया कि जिले के सभी नगरपालिका क्षेत्रों में सड़कों से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जाए। बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे रखे गए बोर्ड एवं सामग्रियों को जप्त किया जाए। साथ ही सड़क पर बैठने वाले फल-फूल एवं अन्य व्यवसायियों को उनके लिए नगरपालिका द्वारा नियत स्थान की जानकारी देते हुए उन्हें सड़क पर दुकान लगाने से रोका जाए। हाकर्स जोन में किसी भी प्रकार का पक्का निर्माण नहीं होने दिया जाए।
घाटों की सफाई के लिए चलाऐं विशेष अभियान -
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने नगरपालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि नर्मदा नदी के घाटों की सफाई के लिए विशेष अभियान संचालित किया जाए। नर्मदा नदी पर कूड़ा, कचरा एवं पूजन सामग्री आदि डालने वालों पर कार्यवाही की जाए। इसी प्रकार नर्मदा नदी पर साबुन एवं प्लास्टिक का उपयोग पूर्णंतः प्रतिबंधित किया जाए। जन अभियान परिषद, नेहरू विभाग केन्द्र सहित अन्य विभागों के सहयोग से टीम गठित की जाए तथा नर्मदा नदी के घाटों पर साबुन लगाकर स्नान करने वाले तथा कपड़ा धोने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाए। इसके लिए प्रत्येक घाटों पर सुबह-शाम कर्मचारी तैनात किए जाऐं। सभी घाटों की पुताई कराते हुए तट के दोनों ओर घाट का नाम अंकित किया जाए तथा घाट के ऐतिहासिक महत्व को प्रदर्शित किया जाए।
मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई प्रारंभ -
जन समस्याओं के निराकरण के लिए प्रत्येक मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई आज से पुनः प्रारंभ होगी। यह जनसुनवाई जिला योजना भवन में प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक की जाएगी जिसमें आम जन अपनी समस्याओं के आवेदन जनसुनवाई में प्रस्तुत कर सकते हैं। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्राप्त आवेदनों के निराकरण की पहल की जाती है।