पूर्वमंत्री दीपक जोशी बोले - कांग्रेस का यह छात्रों के साथ छलावा है
भोपाल। विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी ने अपने वचन पत्र में मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए लैपटाप और स्कूटी देने का वचन दिया था। कांग्रेस चुनाव जीत गई, सरकार भी बन गई, आधा साल भी गजर गया। छात्र पास होकर अगली कक्षा में प्रवेश भी ले रहे हैं। अभी तक सरकार ने अपने इस वचन को पूरा करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है। जानकारों का कहना है कि सरकार इस मुददे में असमंजस में पड़ी है। वहीं दूसरी ओर मेधावी छात्र लैपटाप और स्कूटी मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

प्रदेश सरकार प्रदेश के स्कूली मेधावी छात्रों को लैपटॉप या स्कूटी देने के वादे पर अभी तक अपनी स्थिति स्पष्ट नहीं कर पायी है। दरअसल विधान सभा चुनावों में कांग्रेस ने अपने बचन पत्र में छात्रों को यह वादा किया था कि जो छात्र सत्तर प्रतिशत का अंक हासिल करेंगे उन्हें लैपटाप और हर जिले के टापर को स्कूटी दिया जाएगा। लेकिन सरकार की तैयारियों पर नजर डालें तो अभी तक मेधावी छात्रों को वितरित करने के नाम पर किसी प्रकार की कोई तैयारी नहीं दिख रही है। इस बीच अब नए सत्र की शुरूआत होने जा रही है। मजेदार बात यह है कि अभी तक इस बात को लेकर स्पष्ट रूप से कोई बोलने वाला भी नहीं है।
ऐसे में प्रदेश के मेधावी छात्रों को लैपटॉप या स्कूटी दिए जाने को लेकर अभी तक असमंजस की स्थिति बनी हुई है। आलम यह है कि प्रदेश के मेधावी छात्र अभी तक लैपटॉप मिलने का इंतजार ही कर रहे हैं। दरअसल शिवराज सरकार में 70 प्रतिशत तक लाने वाले प्रदेश भर के छात्र-छात्राओं को लैपटॉप दिया जाता रहा है। अब सत्ता में आने के बाद सरकार फैसला नहीं कर पा रही है कि छात्रों को पिछली सरकार की ही तरह लैपटॉप दें या फिर क्या करें। सरकार के मंत्री अब शीघ्र निर्णय की बात कर रहे हैं। ऐसे में भाजपा का हमलावर होना स्वभाविक है। ।
पूर्ववर्ती सरकार लैपटाप के लिए देती थी 25 हजार
बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को लैपटॉप के लिए पूर्ववर्ती सरकार में 25 हजार की राशि मिलती रही है। 85प्रतिशत के बाद 80 और फिर 70 प्रशितत लाने वाले छात्रों को भी लैपटॉप की राशि देने का फैसला किया गया। कांग्रेस सरकार ने मेधावी छात्रों को स्कूटी देने का वादा किया था। स्कूल शिक्षा मंत्री से जब इस विषय पर बात की गई तो उनका कहना था अभी कोई चर्चा नहीं हुई है, कैबिनेट में प्रस्ताव किया जाएगा। इसका मतलब इस संदर्भ में अभी तक सरकार ने कुछ भी नहीं किया है।
छात्रों के साथ छलावा है: दीपक जोशी, पूर्व शिक्षा मंत्री
प्रदेश की मौजूदा सरकार छात्रों के साथ स्पष्ट रूप से छलावा कर रही है। हमारे शासन काल में परिणाम आने के बाद लैपटाप की राशि दी जाती थी किंतु आज तक कांग्रेस ने यह निर्णय नहीं लिया है। दरअसल यह कांग्रेस का इतिहास है कि वादे तो करती है किंतु पूरा नहीं करती। हमने शिक्षा और छात्रों को लेकर अनेक निर्णय लिए और उसे पूरा किए। जिस प्रकार किसानों के कर्ज माफी का मामला है ठीक उसी प्रकार छात्रों का भी है। कांग्रेस का यह झूठ है इसका परिणाम प्रदेश के छात्र और युवा कांग्रेस को जरूर चखाएंगे।
इनका कहना है
अभी सरकार को ही 6 महीने का समय ही काम करने के लिए मिला है। काफी कुछ बेहतर निर्णय और भी लिए जाने हैं। जहां तक छात्रों को स्कूटी या लैपटाप दिए जाने की बात है तो उसमें एक बार कैबिनेट में लाकर पास करना होगा उसके बाद ही कुछ संभव है। इस संबंध में शीघ्र ही सीएम से बात होगी और निर्णय भी होगा। अभी तो स्कूल चलें अभियान में लगना है।
प्रभुराम चौधरी, स्कूल शिक्षा मंत्री
कांग्रेस के वचन पत्र की मुख्य बातें
1- हम जन आयोग का गठन कर भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ बड़ी लड़ाई लड़ेंगे
2- किसानों का बिजली बिल आधा करेंगे
3- किसानों का कर्ज माफ़ करेंगे
4- सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 300 से बढ़ाकर 1000 करेंगे
5- महिलाओं के स्व सहायता समूह के क़र्ज़ माफ़ करेंगे
6- बच्चियों के विवाह के लिये 51000 का अनुदान देंगे
7- विधान परिषद का गठन करेंगे
8- 10000 प्रतिमाह हर परिवार के एक बेरोज़गार युवा को दिया जाएगा
9- सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में 1 लाख युवा को नौकरी देंगे
10- पहले 100 यूनिट का एक रुपये बिजली का बिल
11- सभी फसलों और कुछ सब्जियों पर बोनस मिलेगा
12- पांच रुपये लीटर दूध
13- सबके लिए घर के अधिकार का कानून लाएंगे और बेघर लोगों 450 स्क्वायर फीट जमीन या फिर ढाई लाख रुपये दिए जाएंगे
14-ड्रग्स मुक्त राज्य बनाएंगे
15-मध्य प्रदेश के प्रोडक्ट को बढ़ावा देंगे
16-व्यापमं मामले की फिर से जांच कराएंगे
17- छात्राओं को स्कूल से पीएचडी तक की मुफ्त पढ़ाई
18- बोर्ड परीक्षा में 70 फीसदी अंक लाने वाले सभी छात्रों को लैपटॉप
19- अनुसूचित जाति के सभी लोगों को जमीन का अधिकार
20- 60 साल से अधिक उम्र वाले पत्रकारों को 10 हजार रुपये पेंशन दी जाएगी जो पिछले 25 सालों से काम कर रहे हैं
21 - नदी के उद्गम स्थल अमरकंटक को संरक्षित कर नर्मदा के अस्तित्व को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
22 - प्रदेश के सफल उद्योगपतियों को ब्रांड एंबेसडर बनाकर उनके माध्यम से नये निवेशकों से संवाद स्थापित किया जाएगा।
23 - इंदौर, ग्वालियर तथा जबलपुर में ट्रांसपोर्ट हब बनाने का भी वादा
24 - सड़कों के लिए समयसीमा में काम पूरा करने की जवाबदेही सुनिश्चित करने का वचन दिया
25 - 12वीं परीक्षा के जिलेवार आला विद्यार्थियों को दुपहिया वाहन देने की भी घोषणा
26 - महिला सुरक्षा की दृष्टि से 17 से 45 साल की महिलाओं को निशुल्क स्मार्ट फोन और इसमें आत्मरक्षा के लिए ऐप इंस्टॉल होगी
27 - वर्ष 2008 से 2018 तक आयोजित व्यापमं, पीएमटी, डीमेट एवं अन्य परीक्षाओं से प्रभावित प्रदेश के मूल निवासी अभ्यर्थियों द्वारा जमा शुल्क वापस होंगे
28 - सभी विभागों में गैर-राजपत्रित तृतीय श्रेणी के पद संभागीय संवर्ग एवं चतुर्थ श्रेणी के पद जिला संवर्ग में मानते हुए उनकी भर्ती जिला स्तर पर की जायेगी।