विकास के लिए हमें शिक्षा, पूंजी और बाजार पर कब्जा करना होगा: शिवनारायण मीना

विकास के लिए हमें शिक्षा, पूंजी और बाजार पर कब्जा करना होगा: शिवनारायण मीना

समाज हित ही संगठन के लिए सर्वोपरि

भोपाल, मैं जब शासकीय सेवा में था तब भी और आज जब सेवानिवृत्त हो चुका हूं तब भी संपूर्ण समाज के हित मेें ही अपनी विचारधारा और मानसिकता को बरकरार रखा। आज भी मेरे लिए समाज हित ही सर्वोपरि है, साथ ही मध्यप्रदेश मीना समाज सेवा संगठन जिसका मैं संरक्षक भी हूं, के लिए भी समाज का समग्र विकास ही एकमात्र मुख्य उद्देश्य है।  ये विचार पूर्व जिला न्यायाधीश एवं मप्र मीना समाज सेवा संगठन के संरक्षक पीडी मारण ने रविवार को होशंगाबाद 11 मील स्थित समाज के निर्माणाधीन छात्रावास भवन में आयोजित प्रांतीय प्रतिनिधि सम्मेलन में व्यक्त किए। इस अवसर पर पूर्व मंत्री शिवनारायण मीना ने कहा कि समाज विकास के लिए हम सभी को अपनी मानसिकता में सकारात्मक सोच लानी होगी तभी हम अपने परिवार और समाज के लिए सार्थक प्रयास कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि आज वैज्ञानिक और तकनीक के युग में भी मीना समाज शैक्षणिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप में काफी पीछे है। संभवत: यही वजह है कि प्रदेश मेें 40 लाख की आबादी के बावजूद भी राजनीतिक और आर्थिक क्षेत्र में हमारे समाज को अपेक्षित सम्मान नहीं मिल सका है। श्री मीना ने कहा कि आगे बढ़ने के लिए हमें शिक्षा, पूंजी और बाजार पर कब्जा करना होगा। अपने बच्चों को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी तैयार करना होगा, जिससे हम उनके भविष्य को उन्नति की ओर अग्रसर कर सके। इस अवसर पर प्रतिनिधि सम्मेलन को प्रदेश संगठन महामंत्री एड. संतोष मीना, मीना समाज के एकमात्र विधायक बाबूसिंह जंडेल सहित अनेक वक्ताओं ने अपने उद्बोधन से समाजबंधुओं को अपने विचारों से अवगत कराया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ समाजसेवी अशोक मीना चांदपुर ने तथा आभार संगठन के प्रदेश प्रचार मंत्री भैयालाल मारण ने किया। इस दौरान पूर्व विधायक बूंदीलाल रावत, कुंभराज मंडी अध्यक्ष भगवानसिंह मीना, सागर सिंह मीना, गुना जिला अध्यक्ष डॉ. संजय मीना, देवेन्द्र मीना दीतलवाड़ा, मीना विकास मंच के संभागीय अध्यक्ष लखनसिंह मीना, संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष देवकरण मीना, प्रदेश उपाध्यक्ष ठाकुरप्रसाद मीना, प्रदेश कोषाध्यक्ष हरगोविंद मारण, रायसेन जिला अजानसिंह मीना, उज्जैन जिला अध्यक्ष घनश्याम मीना, शाजापुर जिला अध्यक्ष डॉ. मनीष कुराड़ा, राजगढ़ जिला युवा अध्यक्ष डॉ. रवीन्द्रसिंह मीना, सीहोर जिला अध्यक्ष सोदानसिंह मीना, भोपाल जिला अध्यक्ष हरभजन मीना, युवा जिला अध्यक्ष भोपाल मनफूल मीना, कांग्रेस जिला अध्यक्ष भोपाल(ग्रामीण) मोहनसिंह मीना, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मखमलसिंह मीना, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लखनसिंह मीना, संगठन के प्रदेश प्रचार मंत्री भैयालाल मारण सहित बड़ी संख्या में मप्र मीना समाज सेवा संगठन के पदाधिकारी, सदस्य, कार्यकर्ता और समाजबंधु मौजूद थे। एड. संतोष मीना ने इसलिए छोड़ी भाजपा - 18 फरवरी 2018 को भोपाल में मीना समाज के महासम्मेलन में मुख्यातिथि के रूप में पधारे उस समय के भाजपा के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने पगड़ी की लाज रखने का कहा था इसके उपरांत भी शिवराज सिंह चौहान ने 5 लाख मीना समाज के सामने मंच से घोषणा की थी कि मीना समाज के लिए आरक्षण की सिफारिशी चिट्ठी तो केंद्र सरकार को हर हाल में भेजूंगा और जरूरत पड़ी तो चिट्ठी के साथ मैं भी मीना समाज को आरक्षण दिलाने साथ दिल्ली चलूंगा केंद्र सरकार के पास, परन्तु पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने मीना समाज के साथ छल और धोखा किया। अनेकों बार समाज के लोगों के उनसे मिलने के बाद लगातार झूठे आश्वासन दर्जनों बार दिए, परंतु शिवराज सिंह चौहान ने आखिर प्रदेश सरकार से केंद्र सरकार को सिफारिशी चिट्ठी नहीं भेजी और शिवराजसिंह द्वारा चिट्ठी नहीं भेजने के कारण मीना समाज आरक्षण से वंचित रह गया। यदि शिवराजसिंह अपनी घोषणा के अनुसार शिफारिशी चिट्ठी टीआरआई की रिपोर्ट के साथ भेज देते तो अब तक समाज को आरक्षण मिल चुका होता। यह सरासर मीना समाज के साथ प्रदेश की भाजपा सरकार और उसके मुख्यमंत्री रहे शिवराजसिंह चौहान ने धोखा किया है। इसलिए मैंने भाजपा छोड़कर आज मेरी समाज के ओर अन्य समाज के मेरे सैकड़ों मित्रों के साथ राजा साहब श्री दिग्विजय सिंह जी के नेतृत्व में कांग्रेस ज्वाइन कर ली है।