आज राहुल गांधी आएंगे मप्र, कालापीपल में जनसभा को करेंगे संबोधित

भोपाल। मध्यप्रदेश में नवंबर के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। जहां भाजपा के दिग्गज नेता प्रदेश में रिकॉर्ड तोड़ जनसभाएं कर रहे हैं तो वहीं कांग्रेस भी अब इसी दिशा में आगे बढ़ रही है। शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी मध्यप्रदेश के दौरे पर रहेंगे। वे शाजापुर के काला पीपल में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। बता दें, मध्यप्रदेश में प्रियंका गांधी ने 12 जून को चुनावी शंखनाद किया था, उसके बाद अब राहुल गांधी आ रहे हैं।
विधानसभा चुनाव के लिए निर्णायक साबित होगा
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष संगठन राजीव सिंह ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी शनिवार को शाजापुर जिले की काला पीपल में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी का विधानसभा चुनाव से पूर्व मध्य प्रदेश का यह पहला बड़ा दौरा कार्यक्रम है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को मध्य प्रदेश में जनता का ऐतिहासिक और अभूतपूर्व स्नेह मिला था। राहुल गांधी का शाजापुर दौरा मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए निर्णायक साबित होगा।
जन आक्रोश यात्रा में कमल नाथ सहित अन्य दिग्गज होंगे शामिल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सांसद राहुल गांधी चुनाव अभियान के तहत जन आक्रोश यात्रा में शामिल होंगे और शाजापुर जिले के कालापीपल विधानसभा क्षेत्र के पोलायकलां में जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां पूर्व मंत्री और चुनाव अभियान समिति के सह अध्यक्ष जीतू पटवारी जन आक्रोश यात्रा लेकर पहुंचेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ सहित वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। स्थानीय विधायक कुणाल चौधरी कार्यक्रम की तैयारियों में जुट गए हैं। प्रदेश में चुनाव अभियान के अंतर्गत अभी तक पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा महाकोशल के जबलपुर और ग्वालियर-चंबल के ग्वालियर में जनसभा को संबोधित कर चुकी हैं। वहीं, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की बुंदेलखंड के सागर में जनसभा हुई थी। राहुल गांधी का पहले आठ अगस्त को शहडोल के ब्योहारी आने का कार्यक्रम था, लेकिन यह स्थगित हो गया था।