उपचुनाव: चुनाव में धनबल के प्रयोग पर सख्ती, शराब अन्य सामग्री जब्त

उपचुनाव: चुनाव में धनबल के प्रयोग पर सख्ती, शराब अन्य सामग्री जब्त

भोपाल
प्रदेश के उपचुनावों में धनबल का प्रयोग नहीं रूक रहा है। पुलिस, आबकारी, आयकर विभाग ने अलग-अलग स्थानों पर चुनाव के दौरान 2 करोड़ 64 लाख रुपए नगदी के साथ कुल 15 करोड़ 16 लाख रुपए की विभिन्न सामग्री जब्त की है।

प्रदेश के 19 जिलों के 28 विधानसभा चुनावों के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस और चुनाव आयोग द्वारा तैनात किए गए व्यय प्रेक्षक, सामान्य प्रेक्षक और अन्य प्रेक्षक चुनाव के दौरान वितरित किए जाने की आशंका से अवैध नगदी, शराब और अन्य बेशकीमती सामग्री की आवाजाही पर कड़ी नजर रखे हुए है। जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए है। अब तक इन सभी विधानसभा क्षेत्रों में 2 करोड़ 64 लाख रुपए नगद, 6 करोड़ 79 लाख रुपए की 6 लाख 23 हजार लीटर शराब पकड़ी गई है। इसके अलावा एक करोड़ 22लाख रुपए की अन्य ड्रग्स जो चुनाव के दौरान इन क्षेत्रों में अवैधानिक रूप से ले जाई जा रही थी वह भी जब्त की गई है।

31 लाख 59 हजार रुपए कीमत की कीमती धातुएं सोना-चांदी भी इस दौरान अवैधानिक रूप से परिवहन करते पकड़ी गई है। इसके अलावा 4 करोड़ 20 लाख रुपए की अन्य सामग्री भी चुनाव क्षेत्रों से पकड़ी गई है। इस तरह कुल 15 करोड़ 16 लाख रुपए की सामग्री अब तक चुनाव वाले क्षेत्रों से राजसात की गई है।