MP में 378 निकायों के एक हजार एल्डरमैन की नियुक्तियां रद्द

MP में 378 निकायों के एक हजार एल्डरमैन की नियुक्तियां रद्द

भोपाल
 प्रदेश सरकार ने सभी नगरीय निकायों में एल्डरमैन की नियुक्तियां रद्द कर दी हैं। पूरे प्रदेश के 378 निकायों में लगभग एक हजार एल्डरमैन थे। हर नगर निगम में छह, नगर पालिका में चार और नगर पंचायत परिषद में छह एल्डरमैन नियुक्त किए गए थे। लगभग सात नगरीय निकायों में अभी प्रशासक नियुक्त हैं।

वहीं, मप्र गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष कृष्ण मुरारी मोघे का मनोनयन निरस्त कर दिया गया है। उनकी जगह नगरीय विकास एवं आवास विभाग के प्रमुख सचिव को अध्यक्ष का प्रभार दिया गया है। मंडल में अशासकीय सदस्य मनोनीत की गईं मीना राजेंद्र पटेल का मनोनयन भी रद्द कर दिया गया है।

प्राधिकरणों का कार्यभार संभाग आयुक्तों को

निगम-मंडलों और विकास प्राधिकरणों के अध्यक्षों का मनोनयन निरस्त करने के बाद अब शहरों के विकास प्राधिकरणों के अध्यक्ष का प्रभार संभाग आयुक्त को दिया गया है। इस संबंध में नगरीय विकास विभाग ने आदेश जारी कर दिए हैं। कुछ प्राधिकरणों में जिला कलेक्टर और अनुविभागीय अधिकारियों को भी अध्यक्ष बनाया गया है।