एम्स भोपाल में जल्द शुरू होंगी लंग ट्रांसप्लांट सेवाएं, डॉ. विक्रम वट्टी ने अमेरिका से लिया फेफड़ा प्रत्यारोपण का विशेष प्रशिक्षण

एम्स भोपाल में जल्द शुरू होंगी लंग ट्रांसप्लांट सेवाएं, डॉ. विक्रम वट्टी ने अमेरिका से लिया फेफड़ा प्रत्यारोपण का विशेष प्रशिक्षण

भोपाल। एम्स भोपाल के कार्डियो थोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. विक्रम वट्टी ने अमेरिका के वेंडरबिल्ट यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर से फेफड़ा प्रत्यारोपण का विशेष प्रशिक्षण पूरा कर लिया है। एम्स भोपाल को फेफड़ा प्रत्यारोपण सेवाएं शुरू करने की अनुमति पहले ही मिल चुकी है। ऐसे में यह प्रशिक्षण संस्थान में इन सेवाओं को व्यवस्थित रूप से विकसित करने में मील का पत्थर साबित होगा।

यह विशेष प्रशिक्षण वेंडरबिल्ट लंग ट्रांसप्लांट प्रोग्राम के सर्जिकल निदेशक व थोरेसिक सर्जरी के प्रोफेसर डॉ. कोनराड होएट्सेनेकर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। वेंडरबिल्ट यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर अमेरिका के अग्रणी फेफड़ा प्रत्यारोपण केंद्रों में से एक है, जहां हर साल बड़ी संख्या में ट्रांसप्लांट किए जाते हैं।

बारीकियों और आधुनिक तकनीकों का किया अध्ययन

प्रशिक्षण के दौरान डॉ. विक्रम वट्टी ने फेफड़ा प्रत्यारोपण कार्यक्रम के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं का गहन अध्ययन किया। उन्होंने मुख्य रूप से अंग प्राप्ति  की प्रक्रिया और जटिल शल्य तकनीकों को समझा। मरीजों का मूल्यांकन और उनके सही चयन की बारीकियों को जाना। बहु-विषयक विशेषज्ञ टीमों के समन्वय और सर्जरी के बाद मरीजों की क्रिटिकल केयर का व्यावहारिक अवलोकन किया।

इस प्रशिक्षण से प्राप्त विशेषज्ञता भविष्य में एम्स भोपाल में फेफड़ों की गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को बेहद आधुनिक, समन्वित और विश्वस्तरीय उपचार उपलब्ध कराने में सहायक होगी।

सीईओ ने दी बधाई

एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ प्रो. (डॉ.) माधवानन्द कर ने डॉ. विक्रम वट्टी को इस सफलता पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि डॉ. वट्टी की इस अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञता से संस्थान में फेफड़ा प्रत्यारोपण सेवाओं की नींव मजबूत होगी। यह नई चिकित्सीय तकनीकों को अपनाने और फेफड़ों के गंभीर रोगियों को नया जीवन देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।