एकतरफा प्‍यार, युवती को उतारा मौत के घाट

जबलपुर
मध्‍यप्रदेश के जबलपुर में गढ़ा थाना अंतर्गत बदनपुर पहाड़ी में देर रात एकतरफा प्रेम के चलते एक निगरानीशुदा बदमाश ने अपने भाई के साथ मिलकर युवती और उसके परिजनों पर जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में चाकू लगने से जहां युवती की मौत हो गई, वहीं उसके परिजन और चाकू मारने वाले आरोपी का निगरानीशुदा बदमाश भाई घायल हो गए. पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवाते हुए चाकू मारने वाले आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

बताया जा रहा है कि बदनपुर में रहने वाला राहुल ठाकुर कई दिनों से सोनम नामक युवती को परेशान कर रहा था. रविवार देर रात राहुल अपने भाई रोहित के साथ युवती के घर पहुंचा और वहां गाली-गलौज शुरू कर दी. इसका विरोध करने पर दोनों भाइयों ने युवती और उसके परिजनों के साथ  मारपीट की. इस दौरान रोहित ने चाकू निकालकर सोनम पर हमला कर दिया. बीच-बचाव करने आई सोनम की बहन और मां को भी चाकू मार दिया. वहीं मारपीट के दौरान बदमाश्‍ राहुल भी घायल हो गया. घटना के बाद रोहित फरार हो गया.

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया. गले में गहरा घाव लगने और ज्‍यादा खून बह जाने की वजह से उपचार के दौरान सोनम ने दम तोड़ दिया.

पुलिस के अनुसार घायल आरोपी राहुल ठाकुर गढ़ा थाना क्षेत्र का निगरानीशुदा बदमाश है, जिस पर पूर्व से ही कई मामले दर्ज हैं. वहीं हमला करने वाला मुख्य आरोपी रोहित फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है.