एमपी में कांग्रेस को मिला जयस का साथ, 28 सीटों पर हो सकता है गठबंधन

एमपी में कांग्रेस को मिला जयस का साथ, 28 सीटों पर हो सकता है गठबंधन

मध्य प्रदेश में बीजेपी के खिलाफ मजबूत गठबंधन की तलाश कर रही कांग्रेस को आदिवासी संगठन जयस का साथ मिल सकता है. जयस के अध्यक्ष हीरालाल अलावा की दिल्ली में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया से हुई मुलाकात हुई है. इस दौरान जयस ने बाबरिया को 40 सीटों की लिस्ट सौंपी है. हालांकि कांग्रेस ने 28 सीटों पर गठबंधन के लिए आश्वासन दिया है.

जानकारी के अनुसार कांग्रेस प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा की मुलाक़ात जयस के अध्यक्ष हीरालाल अलावा से हुई. इस दौरान अलावा ने जयस की तरफ से गठबंधन के लिए बाबरिया को 40 सीटों की लिस्ट सौंपी. इसके बाद बाबरिया की ओर से यह बताया कि करीब 28 सीटों पर सहमति बन सकती है.

इन 28 सीटों में 22 रिजर्व और छह सामान्य सीटों पर गठबंधन की संभावना कांग्रेस की ओर से जयास को जताई गई है. दीपक बाबरिया ने हीरालाल अलावा को यह भी आश्वासन दिया है कि इसकी चर्चा स्क्रीनिंग कमेटी में की जाएगी और 30 अक्टूबर को राहुल गांधी के झाबुआ दौरे से पहले जयस के साथ गठबंधन पर फैसला हो जाएगा.

बता दें कि धार, झाबुआ, अलीराजपुर जैसे आदिवासी बहुल जिले जय आदिवासी युवा संगठन का गढ़ माने जाते हैं. वहीं मध्यप्रदेश में आदिवासी वर्ग की आबादी 21 प्रतिशत है, विधानसभा की कुल 230 सीटों में से 47 सीटें आदिवासी वर्ग के लिए रिजर्व हैं. ऐसे में आदिवासी संगठन जयस पिछले कुछ महीनों से प्रदेश भर में सक्रिय है.