करीब दो घंटे काशी में रहेंगे पीएम मोदी, 52 स्थानों पर होगा स्वागत

करीब दो घंटे काशी में रहेंगे पीएम मोदी, 52 स्थानों पर होगा स्वागत

 वाराणसी

जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के मौके पर छह जुलाई को भाजपा सदस्यता अभियान शुरू करने जा रही है। इसका शुभारम्भ वाराणसी में बड़ालालपुर स्थित पं. दीनदयाल हस्तकला संकुल में प्रधानमंत्री करेंगे। इस दौरान वह विभिन्न तबके के पांच-पांच लोगों को पार्टी का सदस्य बनाएंगे। इससे पहले हरहुआ में पंचक्रोशी मार्ग पर आनंद कानन नवग्रह वाटिका में पौधरोपण अभियान की भी शुरुआत करेंगे। बाबतपुर एयरपोर्ट से पंचक्रोशी मार्ग तक 52 स्थानों पर कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। प्रधानमंत्री करीब दो घंटे तक काशी में बिताएंगे। पीएम के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर गुलाब बाग स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पर काशी क्षेत्र के सभी मोर्चों, प्रकोष्ठों, प्रकल्पों एवं विभाग के संयोजकों की बैठक हुई। संगठन महामंत्री रत्नाकर ने सार्वजनिक स्थलों पर तीन दिन का कैम्प लगाकर सदस्यता अभियान चलाने को कहा।
 
पीएम के कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण
भाजपा नेताओं ने मंगलवार की देर शाम बड़ालालपुर स्थित दीनदयाल हस्तकला संकुल में सदस्यता अभियान के शुभारंभ स्थल का निरीक्षण किया। मंच, कार्यकर्ताओं के बैठने आदि सभी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। भाजपा नेता अशोक तिवारी ने बताया कि करीब 25000 कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यकम में पीएम के अलावा यहां राज्यपाल रामनाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री महेंद्रनाथ पांडेय समेत अन्य मंत्री मौजूद रहेंगे। इस दौरान राज्य मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी, प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल, नागेन्द्र रघुवंशी, विद्यासागर राय, अशोक तिवारी, जगदीश त्रिपाठी आदि रहे।

आनन कानन नवग्रह वाटिका में पीएम 51 पौध लगाएंगे 
वाराणसी। हरहुआ स्थित पंचक्रोशी मार्ग पर 11 बिस्वा में बालिका विद्यालय के नाम से आवंटित खाली जमीन पर प्रधानमंत्री 51 पौधे लगाएंगे। जिसका नाम ‘आनंद कानन’ नवग्रह वाटिका रखा जाएगा। जमीन का डीएम सुरेन्द्र सिंह, एसएसपी आनन्द कुलकर्णी व एसपीजी टीम ने निरीक्षण किया।

संग्रहालय में लेजर व लाइट म्यूजिक का पीएम करेंगे शुभारम्भ 
चांदमारी। प्रधानमंत्री के हाथों पं. दीनदयाल हस्तकला संकुल के संग्रहालय में बने लाइट एवं म्यूजिक लेजर शो का भी शुभारंभ होगा। पीएम के आगमन को देखते हुए संकुल में जगह जगह लोहे की कुर्सियां लगाई गई हैं। डालियों को छांटा जा रहा है। 

एसपीजी के साथ अफसरों ने एयरपोर्ट का किया निरीक्षण
बाबतपुर। लालबहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर टर्मिनल बिल्डिंग के सामने की पार्क में लगाये गए पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा का अनावरण पीएम मोदी करेंगे। इसके लिए एसपीजी ने मंगलवार को यहां निरीक्षण किया।‚एयरपोर्ट पर सभी आला अधिकारियों संग बैठक की गयी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छह जुलाई के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर जिलाधिकारी, एसएसपी समेत एसपीजी टीम ने एयरपोर्ट के चारों तरफ निरीक्षण किया। साथ ही प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा सम्बंधित बिंदुओं पर विमर्श किया। बैठक में एयरपोर्ट निदेशक अनिल कुमार राय, सीआईएसफ के कमांडेंट सुब्रत झा, एसपी ग्रामीण, एसडीएम पिंडरा, सीओ पिंडरा सहित तमाम आला अधिकारी भी मौजूद थे।