कर्जमाफी प्राथमिक उपचार,कृषि उद्योग में नया विजन जरूरी: मुख्यमंत्री
भोपाल
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि अपना प्रदेश मुख्यालय से नहीं तहसील और जनपद पंचायत से चलता है। योजनाओं की डिलीवरी का क्रियान्वयन सबकी जिम्मेदारी है। देसी सिस्टम को सुधारना होगा। इसकी सभी को स्टडी करा रहा हूं। कृषि को नए नजरिये से देखना होगा तभी अर्थव्यवस्था में सुधार होगा। आर्थिक गरीबी शहर से नहीं ग्रामों से बढ़ती है। कर्जमाफी समाधान नहीं प्राथमिक उपचार है। हमें उत्पादन का सही लाभ मिलना चाहिए। कृषि और उद्योग के क्षेत्र में नया विजन होना चाहिए। इसमें सबसे अधिक सहयोग जिला पंचायत के अधिकारियों का ही है। सीएम नाथ ने ये बातें प्रशासन अकादमी में जिला पंचायत एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहीं। इसके पहले पंचायत मंत्री कमलेश्वर पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने वचनपत्र में ग्राम पंचायतों के सुनियोजित विकास पर ध्यान दिया है और इसी मंशा पर काम करना है। अच्छा काम करने वाले अफसरों को प्रोत्साहित किया जाएगा। जरूरत मंदों को इग्नोर नहीं करें और पंचायत स्तर पर समस्या निपटाने का काम करें। अपर मुख्य सचिव ग्रामीण विकास गौरी सिंह ने कहा कि आजीविका के बारे में जिला पंचायतों को ज्यादा फोकस करना है। सागर में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा दिए जाने के कामों पर उन्होंने कहा कि 10 हजार लीटर का उत्पादन पर्याप्त नहीं है। इसे एक लाख लीटर तक होना चाहिए। इस मौके पर सीएम नाथ ने नदी पुनर्जीवन पुस्तक का विमोचन भी किया। साथ ही पीएमएवाई, एसआरएलएम, एसबीएम, आईडब्ल्यूएमपी, पंचायत राज पर भी इस कार्यक्रम में चर्चा की जा रही है। कार्यक्रम में सचिव पंचायत व ग्रामीण विकास उमाकांत उमराव, मनरेगा की आयुक्त जीवी रश्मि भी मौजूद रहीं।
ऐसे आए सुझाव, प्लानिंग: मंदसौर के सीईओ आदित्य सिंह ने ठोस एवं तरल अपशिष्ट को सुनियोजित तरीके से नष्ट करने के लिए बनाई गई कार्ययोजना के बारे में बताया। बड़वानी के सीईओ अंकित अस्थाना ने स्वसहायता समूहों के माध्यम से स्कूल ड्रेस के निर्माण को बढ़ावा देने के बारे में जानकारी दी और कहा कि इससे समूहों की आमदनी और जीवनस्तर में सुधार आया है। कोटवारों को भी इससे जोड़ा गया है। नरसिंहपुर जिला पंचायत सीईओ आरपी अहिरवार ने मनरेगा के माध्यम से किए जा रहे कामों की जानकारी दी। सागर जिला पंचायत के सीईओ चंद्रशेखर शुक्ला ने राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन पर प्रजेंटेशन दिया और कहा कि केसली एमपी के सर्वाधिक पिछड़े इलाकों में है। यहां दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने का काम किया गया है। सीईओ छतरपुर हर्ष दीक्षित ने स्वच्छ भारत मिशन की सफलता पर प्रजेंटेशन दिया।
bhavtarini.com@gmail.com 