कांग्रेसी पूछते हैं कि हमारी सरकार ने साढ़े चार साल में क्या किया: शाह

शिवपुरी
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि इस चुनाव में मध्यप्रदेश की जनता के सामने दो पार्टियां हैं। एक भारतीय जनता पार्टी और दूसरी कांग्रेस है। लोगों को चुनना है कि विकास वाली और विनाश वाली सरकार में से किस को चुनना है। उन्होंने लोगों से पूछा कि मि. बंटाढार की सब कुछ तबाह कर दिया गया था जिसे 15 सालों में भाजपा ने संवारा है। शाह ने कहा कि कांग्रेस को चुनाव में ही किसानों की याद आती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी पूछते हैं कि हमारी सरकार ने साढ़े चार साल में क्या किया ? मैं कहता हूं हमारी सरकार ने हर वर्ग के लोगों के लिए 129 योजनाएं बनाईं। राहुल बाबा, हमारी सरकार ने सबसे बड़ा काम देश को सुरक्षित बनाने का किया है।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह के रोड शो के दौरान शहर में जनसैलाब उमड़ पड़ा। शहर के लोगों ने पहली बार किसी राजनेता के रोड शो में इतनी भीड़ उमड़ी। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस रोड शो के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष का जगह-जगह स्वागत हुआ। इस अवसर पर शहर के 500 से अधिक लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
इसके पहले शाह ने अशोकनगर में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो किया। शाह के साथ रथ पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, उत्तरप्रदेश के परिवहन मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, मंत्री सत्यपाल सिंह बघेल, जिलाध्यक्ष जयकुमार सिंघई मौजूद थे। इसके बाद यहां करीब पांच सौ लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली।