कैबिनेट मीटिंग आज, पेश होगी गुमनामी बाबा जांच आयोग की रिपोर्ट

 कैबिनेट मीटिंग आज, पेश होगी गुमनामी बाबा जांच आयोग की रिपोर्ट

 लखनऊ 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कैबिनेट की बैठक बुलाई है। उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार कैबिनेट बैठक में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के रूप में चर्चित गुमनामी बाबा उर्फ भगवानजी की जांच के लिए जस्टिस विष्णु सहाय की अध्यक्षता में गठित एक सदस्यीय जांच आयोग की रिपोर्ट पेश की जाएगी।

कैबिनेट द्वारा इस जांच रिपोर्ट को विधानसभा के पटल पर रखने की मंजूरी दी जाएगी। जिससे वर्ष-2017 में सौंपी गई इस जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जा सके। फैजाबाद में लंबे समय तक रहे गुमनामी बाबा को लोग नेताजी सुभाष चंद्र बोस मानते हैं। उनके बक्से से मिले अनेक पुराने फोटो और पत्रों आदि के दस्तावेज के आधार पर लोग उनको नेताजी सुभाषचंद्र बोस मानते रहे। हालांकि उनको लेकर अभी तक रहस्य बरकरार है। संभव है कि कैबिनेट में जांच आयोग की रिपोर्ट के आधार पर कोई फैसला किया जाए। यह मामला विधानसभा और संसद में भी उठाया जा चुका है। 

इन पर होगा फैसला

अनुपूरक बजट व विनियोग विधेयक के मसौदे को मंजूरी मिलेगी।
कैबिनेट बैठक में वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए अनुपूरक अनुदान और उससे संबंधित विनियोग विधेयक के मसौदे को मंजूरी दी जाएगी। 
लखनऊ में चार लेन के रेलवे फ्लाईओवर की मंजूरी होगी।
कैबिनेट बैठक में लखनऊ में निर्मित होने वाले रेलवे के दो फ्लाईओवरों के निर्माण को मंजूरी दी जाएगी। ये फ्लाईओवर उत्तर रेलवे के लखनऊ-बाराबंकी रेलवे लाइन के किसान पथ (फैजाबाद रोड से मोहनलालगंज रोड तक) शारदा कैनाल के दायीं व बायीं पटरी पर चार लेन के बनाए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाए जाने वाले इन रेलवे फ्लाईओवर से लखनऊ के लोगों को यातायात में काफी सुविधा मिलेगी। 
अटल मिशन के तहत तीन शहरों की योजना को मंजूरी मिलेगी 
अटल नवीकरण और शहरी रूपांतरण मिशन के तहत प्रदेश के तीन शहरों शाहजहांपुर, बरेली और मुरादाबाद में सीवर और घरों के कनेक्शन की योजना को मंजूरी दी जाएगी।