खंडवा में गुरु पूर्णिमा पर दादा दरबार में लगा भक्तों का तांता
खंडवा
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्रीदादाजी धूनीवाले की समाधी पर दर्शन करने के लिए भक्तों का तांता लगा हुआ है। गुरुवार से ही यहां भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। यहां करीब ढाई लाख भक्तों के पहुंचने की संभावना है। चंद्रग्रहण के दौरान भी मंदिर में दर्शन होंगे। इस दौरान ढाई लाख भक्तों के दर्शन करने की संभावना है।
रैलिंग में 70 फेरे लगाकर करीब 70 मिनट में श्रद्धालु श्रीदादाजी की समाधि तक पहुंचे। गुरुवार रात तक समाधि पर करीब पांच हजार श्रद्धालुओं द्वारा निशान पेश किए गए। देर शाम तक धूनीमाई के पास तापमान 50 डिग्री तक पहुंच गया। गुरुपूर्णिमा उत्सव से एक दिन पहले गुरुवार को श्रीधूनीवाले दादाजी दरबार में श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
दोपहर बाद स्थिति यह बन गई कि दर्शनार्थियों को रैलिंग से होकर समाधि दर्शन करने पड़े। समाधि दर्शन के साथ ही श्रद्धालुओं ने धूनीमाई के नारियल भेंट कर हवन-पूजन भी किया। रात को हुई आरती के बाद दादाजी भक्तों में ट्रस्ट की ओर से बूंदी प्रसादी का वितरण शुरू कर दिया गया।
देर रात तक चढ़े निशान
श्रीदादाजी दरबार में समाधि पर निशान चढ़ाने का सिलसिला उत्सव से कुछ दिन पहले ही शुरू हो गया था। मंदिर ट्रस्ट द्वारा व्यवस्था के मद्देनजर गुरुपूर्णिमा के दिन समाधि पर सीधे निशान चढ़ाने पर रोक लगा दी जाएगी। इसके चलते पर्व से एक दिन पहले गुरुवार को दादाजी आश्रम में समाधि पर निशान चढ़ाने वालों की संख्या बढ़ गई। ढोल-ढमाके के साथ बैतूल और महाराष्ट्र के विभिन्न् क्षेत्रों सहित दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने समाधि पर निशान चढ़ाए। मयूर विहार कॉलोनी से भी सतनामसिंह होरा व अन्य श्रद्धालु दादाजी का नाम जपते हुए समाधि पर निशान पेश करने पहुंचे। कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मंदिर में निशान चढ़ाया।
झूमते-नाचते रवाना हुआ पांर्ढुना का जत्था
पार्वतीबाई धर्मशाला से गुरुवार रात 8 बजे पांर्ढुना का जत्था श्री दादाजी दरबार के लिए रवाना हुआ। भजनों और ढोल की धुन पर झूमते-नाचते हुए और रथ खींचते हुए श्रद्धालु मंदिर परिसर की ओर आगे बढ़े। जत्थे ने उत्साह से गुलाल उड़ाया और शहर के मुख्यमार्गों से होते हुए मंदिर परिसर तक पहुंचे। वर्षों से गुरुपूर्णिमा की पूर्व संध्या पर ही पांर्ढुना से आए जत्थे द्वारा निशान चढ़ाया जाता है।
खरगोन : पूर्णानंद बाबा की तपोस्थली पर पहुंचे हजारों श्रद्धालु
खरगोन शहर से करीब 5 किमी दूर स्थित पूर्णानन्द बाबा की तपोस्थली इंद्रटेकरी पर दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचे। गुरुपूर्णिमा पर मंदिर परिसर में एक दिवसीय मेला लगाया गया है। सुरक्षा के लिए जिला और पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है।

bhavtarini.com@gmail.com 
