उज्जैन में दो दिवसीय स्वास्थ्य महासम्मेलन, मुख्य अतिथि होंगे प्रवीण तोगड़िया
brijesh parmar
उज्जैन। शहर के शहनाई गार्डन में 24 और 25 फरवरी को दो दिवसीय राष्ट्रीय स्वास्थ्य महासम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन में प्रवीण तोगड़िया, विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय हिन्दू परिषद के संस्थापक-अध्यक्ष, मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
सम्मेलन का आयोजन अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल और राष्ट्रीय महिला परिषद ओजस्विनी के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। कार्यक्रम में उज्जैन सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ से होगी। इसके बाद प्रतिभागियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की वैज्ञानिक जानकारी दी जाएगी। सम्मेलन में जिले स्तर के लगभग 4 हजार अधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे, वहीं दो दिनों में 1723 समूहों की बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें करोड़ों हिंदुओं तक पहुंचने की कार्ययोजना पर चर्चा होगी।
प्रवीण तोगड़िया ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य “सुरक्षित हिंदू, समृद्ध हिंदू, सम्मानजनक हिंदू, स्वस्थ हिंदू और आत्मनिर्भर हिंदू” की अवधारणा को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि देशभर में हर मंगलवार या शनिवार को गांव-शहर की हर गली में साप्ताहिक हनुमान चालीसा केंद्र स्थापित करने की योजना पर काम चल रहा है। वर्तमान में हजारों केंद्र सक्रिय हैं और भविष्य में एक लाख केंद्रों के माध्यम से एक से दो करोड़ हिंदू परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य है।
स्वास्थ्य को लेकर उन्होंने कहा कि हनुमान चालीसा केंद्र केवल धार्मिक गतिविधि तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि इन्हें हेल्थ और वेलनेस सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि देश में करीब 25 करोड़ लोग उच्च रक्तचाप से पीड़ित हैं। यदि लोगों को प्रतिदिन 5 ग्राम नमक सेवन की सही जानकारी दी जाए तो बिना दवा के ही मरीजों की संख्या आधी की जा सकती है। इसी तरह की मेडिकल साइंस आधारित ट्रेनिंग सम्मेलन में दी जाएगी।
bhavtarini.com@gmail.com
