जूनियर डॉक्टर्स और एमजीएम के छात्रों ने किया जमकर हंगामा

इंदौर
इंदौर का एमवाय अस्पताल हंगामे होने के लिए भी मशहूर है.अब तक जूनियर डॉक्टर्स अस्पताल में मरीजों के परिजनों से विवाद होने के बाद हंगामा किया करते थे लेकिन इस बार जूनियर डॉक्टर्स और एमजीएम के छात्रों ने मिलकर कॉलेज में जमकर हंगामा किया.इस बार कॉलेज और एमवाय अस्पताल में फैली अव्यवस्थाओं के विरोध में यह हंगामा किया गया.गुरूवार दोपहर एमजीएम मेडिकल कॉलेज के छात्र और जूनियर डॉक्टर्स ने मिलकर कॉलेज परिसर स्थित डीन ऑफिस के बाहर जमकर हंगामा किया. उनको उस वक्त गुस्सा आया जब उनसे डीन ने भेंट नहीं की.

हुआ यूं कि एमजीएम के जूनियर डॉक्टर्स और छात्रों का आरोप था कि कॉलेज परिसर और अस्पताल परिसर में फैली अव्यवस्थाओं को लेकर डीन डॉ. शरद थोरा से बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने बात नहीं की.काफी देर इंतजार करने के बाद भी जब डीन डॉ.थोरा ने छात्रों के प्रतिनिधि मंडल को मिलने नहीं बुलाया तो छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया.इस दौरान छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी भी की.

छात्रों का बढ़ता आक्रोश देखते हुए डीन डॉ.थोरा ने छात्रों के प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात की.छात्रों ने शिकायत की कि बारिश के समय कॉलेज और अस्पताल में आने-जाने का रास्ता नहीं बचता.इस वजह से जूनियर डॉक्टर्स को खासा परेशान होना पड़ता है.वहीं छात्रों को भी कॉलेज आने-जाने में खासी समस्याओं का सामना करना पड़ता है.छात्रों की शिकायत का डीन ने जल्द निराकरण करने का आश्वासन दिया है.