दिव्यांग आवेदिका को कलेक्टर द्वारा ट्रायसिकल प्रदान की गई
आगर-मालवा
शासन निर्देशानुसार प्रति मंगलवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में आज कलेक्टर श्री अजय गुप्ता द्वारा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में 56 आवेदनों पर जनसुनवाई की गई। जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश शुक्ल, डिप्टी कलेक्टर श्री मनीश कुमार जैन सहित समस्त विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
आवेदिका अर्सी अब्बासी पिता आरिफ खान निवासी आगर ने जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि वह पुष्पा कान्वेंट स्कूल आगर में कक्षा 6 में अध्ययनरत् है, सड़क दुर्घटना के दौरान दोनों पैरों से स्थायी रूप से दिव्यांग होने के कारण स्कूल आने-जाने सहित दैनिक कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शासन की योजनान्तर्गत ट्रायसिकल दिलवाने का अनुरोध किया। कलेक्टर श्री गुप्ता ने आवेदन पर तत्काल कार्यवाही करते हुए जनसुनवाई में ही आवेदिका को ट्रायसिकल प्रदाय की गई।
जनसुनवाई में बद्रीलाल पिता शिवलाल निवासी डोंगरगांव ने कृषि भूमि पर आने-जाने के रास्ते से अतिक्रमण हटवाकर रास्ता चालू करवाने का अनुरोध किया। बद्रीलाल ने अपने आवेदन में बताया कि उसकी डोंगरगांव में स्थित भूमि सर्वे नम्बर 1943 रकबा 0.31 स्थित हैं, जिस पर आने-जाने के रास्ते को अनावेदक द्वारा बंद कर दिया गया है। इस संबंध में संबंधित पटवारी एवं तहसीलदार को अवगत कराने के पश्चात् भी अनावेदक द्वारा रास्ता चालू नहीं किया गया। जिससे कृषि संबंधी कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर श्री गुप्ता द्वारा नायब तहसीलदार सोयत को आवेदन निराकृत करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में ग्राम नई सामगी माना के ग्रामीणों ने आवेदन देकर मुक्तिधाम में टीनशेड़ लगवाने, मार्ग से अतिक्रमण हटवाने तथा मार्ग की मरम्मत करवाने के लिये अनुरोध किया। ग्रामीणों ने अपने आवेदन में बताया कि गांव में स्थित मुक्तिधाम पर आने-जाने के रास्ते पर अनावेदकों द्वारा अतिक्रमण करने से मार्ग संकरा होने तथा मार्ग कच्चा होने से बारिश के दौरान कीचड़ हो जाने एवं मुक्तिधाम पर टीनशेड़ न होने से परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कलेक्टर श्री गुप्ता ने तहसीलदार आगर को मुक्तिधाम मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करवाने तथा सीईओ जनपद पंचायत आगर को रास्ते की मरम्मत करवाने के निर्देश दिए।
आवेदक खुमानसिंह पिता रामनाथसिंह निवासी निशानिया सोयतकलां ने आवेदन दिया कि सोयतकलां से निशानियां रोड़ के निर्माण के दौरान बारिश के पानी की निकासी व्यवस्थित तरीके से नहीं करने तथा निकासी के लिये छोटे पाईप का उपयोग करने से रोड़ के पास स्थित कृषि भूमि में पानी का भराव हो रहा हैं, जिससे फसलों में नुकसान हो रहा है। पानी की व्यवस्थित तरीके से निकासी करवाई जाए। कलेक्टर श्री गुप्ता ने संबंधित अधिकारी को आवेदन निराकरण के निर्देश दिए।
bhavtarini.com@gmail.com 
