दो साल में सोनिया गांधी की पहली रैली आज

बीजापुर
 कर्नाटक में चुनाव प्रचार चरम पर है और सभी दलों के दिग्गज नेताओं ने मैदान संभाल रखा है।मंगलवार का दिन कांग्रेस के लिए बेहद खास होगा, क्योंकि पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी करीब दो साल बाद चुनाव मैदान में नजर आएंगी। सोनिया बीजापुर में रैली को संबोधित करेंगी।

कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने बताया कि पार्टी की पूर्व अध्यक्ष मंगलवार शाम चार बजे बीजापुर में जनासभा को संबोधित करेंगी। पिछले विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने बीजापुर और आसपास के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन किया था। यहीं कारण है कि सोनिया गांधी इसी इलाके में रैली कर पार्टी के पिछले प्रदर्शन को बरकार रखना चाहती होंगी।

जानकारी के मुताबिक, सोनिया ने पिछली बार 2 अगस्त 2016 को वाराणसी में रोड शो किया था। उसी दौरान तबीयत खराब होने के बाद चुनाव प्रचार से दूरी बना ली थी। वहीं, राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद भी यह पहली बार है, जब सोनिया चुनाव प्रचार करने जा रही हैं।

71 साल की सोनिया ने इससे पहले पंजाब, गोवा, उत्तराखंड, मणिपुर (फरवरी-मार्च 2017), गुजरात और हिमाचल प्रदेश (दिसंबर 2017), त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड (फरवरी 2018) में प्रचार नहीं किया था। सोनिया 1998 में सक्रिय राजनीति में आई थीं और यह पहला मौका है जब वे इतने लंबे समय तक चुनाव प्रचार से दूर रहीं। उन्होंने 11 जनवरी 1998 में अपना पहला चुनावी दौरा किया था। तब तमिलनाडु में एक रैली को संबोधित किया था।