दोपहर में रेंगकर चला ट्रैफिक, रात को बाड़ा, माधवगंज दौलतगंज के कॉर्नर, गांधी गोलंबर रहा जाम

ग्वालियर
धनतेरस पर सुबह से बाड़े व सराफा बाजार की तरफ आने वाले मार्गों पर पुलिस बेरिकेड्स लगाकर खड़ी रही। दोपहर से पुलिस ने बाड़े की तरफ जाने वाले फोरव्हीलर के प्रवेश पर रोक लगा दी थी। इसके बाद भी बाड़ा व उसके आसपास के बाजारों में ट्रैफिक रेंगकर चल रहा था। पुलिस ने बाड़ा व सराफा बाजार की सुरक्षा व्यवस्था के लिए 200 के लगभग जवानों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही सिविल में भी बल की तैनाती की गई है। आधे से अधिक बल को एसपी ने एक ही स्थान पर खड़े होने की बजाए लगातार पैदल गश्त करने के दिए हैं।

धनतेरस के लिए सराफा बाजार सोमवार की तड़के से सज गया था। पुलिस ने भी निगरानी शुरु कर दी। दोपहर 12 बजे तक स्थिति सामान्य रही। बाड़े पर त्योहार से संबंधित सामान बेचने वालों ने कब्जा कर लिया। दोपहर से बाड़े पर जाम की स्थिति निर्मित होना शुरु हो गई थी।

दोपहर 12 बजे से ही फोरव्हील-थ्रीव्हीलर वाहन रोके- सोमवार को दोपहर 12 बजे से बाड़े व सराफा बाजार की तरफ आने वाले मार्गों पर बेरिकेड्स लगा दिए। ताकि केवल दोपहिया वाहन भी प्रवेश कर सकें। बाड़े पर फोरव्हीलर जाने पर रोक लगाने के कारण पाटनकर बाजार पर कई बार विवाद की स्थिति निर्मित हुई। लग्जरी वाहनों में सवार लोगों ने रसूख दिखाकर व आला पुलिस अधिकारियों से सीधे संबंध होने का हवाला देकर वाहन सहित बाड़े पर जाने का प्रयास किया। लेकिन जवानों ने एक नहीं सुनी। लेकिन पुलिस अधिकारी बगैर किसी रोक-टोक से बाड़े तक पहुंचे। जबकि इनमें से अधिकांश की बाड़े पर ड्यूटी नहीं थी और इन वाहनों में परिवार को लोग थे।

आसपास के मार्गों पर पार्क किए वाहनः बाड़े पर जाने के लिए गश्त का ताजिया, नई सड़क, हुजरात व रॉक्सी के आसपास वाहन पार्क कर खरीदारी करने के लिए चले जाने के कारण वहां भी जाम की स्थिति निर्मित हो गई।

महिला बल भी निगरानी कर रही हैः बाड़ा, सुभाष मार्केट,नजरबाग मार्केट, सराफा बाजार में निगरानी के लिए 200 के लगभग जवानों की तैनाती की गई है। इन दोनों मार्केटों में महिला खरीदारों की संख्या अधिक होने के कारण महिला पुलिस बल द्वारा निगरानी की जा रही है।

सीसीटीवी कैमरों से नजर- एसपी नवनीत भसीन के निर्देश पर सीसीटीवी कैमरे के कंट्रोल रूम में बड़ी स्क्रीन पर बाजारों को निगरानी के लिए लगाया जा रहा है। यहां से शरारती तत्वों पर नजर रखने के साथ व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। व्यवस्था में कोई कमी नजर आने पर तत्काल संबंधित अधिकारी को सूचना देकर व्यवस्था को दुरुस्त कराया जा रहा है। बाजार का निरीक्षण एसपी नवनीत भसीन एएसपी सतेंद्र सिंह तोमर के साथ कर चुके हैं।