नुक्कड़-नाटक के सहारे लोकसभा चुनाव जीतने की रणनीति बना रही है BJP
रायपुर
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2018 के लिए विकास यात्रा से लेकर अटल विकास यात्रा के जरिए लोगों से मिलने वाली बीजेपी ने लोकसभा के लिए अपनी रणनीति बदली है. इस बार लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी को सहारा है नुक्कड़ सभा और नुक्कड़ नाटक का. बीजेपी भारतीय जनता युवा मोर्चा के जरिए हर लोकसभा में नुक्कड़ सभा और नाटक के जरिए बता रही है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र सरकार की उपलब्धियां क्या हैं. वहीं राज्य की भूपेश सरकार को उनके घोषणा पत्र के जरिए भी घेरने की तैयारी है.
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के घड़ी चौक में बीजेवायएम ने नुक्कड़ सभा की. लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी की महत्वपूर्ण रणनीति में यह नुक्कड़ सभा और नुक्कड़ नाटक भी शामिल है. इसके जरिए यह केन्द्र सरकार की उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं. वहीं राज्य सरकार को भी घेरने की केंद्र ने 14 सुत्रीय कार्यक्रम भेजे हैं. इसकी जिम्मेवारी भाजयुमो को दी गई है.
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विजय शर्मा ने बताया कि युवा मोर्चा की कोशिश यही है कि बीजेपी के तमाम दिग्गज भी इसमें शामिल हों. हालांकि रायपुर की सभा में बड़े दिग्गज नहीं आए. बीजेपी ने आज लोकसभा की तैयारी के लिए एकात्म परिसर में एक बैठक भी की और रणनीति तैयार की. बीजेपी के वरिष्ठ नेता अशोक बजाज का कहना है कि नुक्कड़ सभा या नाटक से लोगों से सीधा संवाद होता है वहीं बातें ज्यादा बेहतर तरीके से समझाई जा सकती है.
राजनीति विशेषज्ञ रविकांत कौशिक का कहना है कि यह एक अच्छा तरीका है, लेकिन इसके लिए लोगों के साथ हीं पार्टी के लोगों के लिए भी जरूरी है कि वो भी संगठित होकर इसमें शामिल हो. रायपुर जैसे लोकसभा क्षेत्र में जो नुक्कड़ सभा ली गई, उसमें बड़े पदाधिकारियों की नामौजूदगी और खुद कार्यकर्ताओं की कम संख्या से इसकी रौनक वैसी नहीं लगी जैसे नेता दावा करते हैं.
bhavtarini.com@gmail.com 
