नौ फीट गहरे हौज से पानी निकालते समय 9 साल की बच्ची गिरी, मौत

नौ फीट गहरे हौज से पानी निकालते समय 9 साल की बच्ची गिरी, मौत

इंदौर

नौ फीट गहरे पानी के हौज से पानी निकालते समय नौ साल की बच्ची असंतुलित होकर नीचे गिर गई। उसे बेसुध हालत में भाई ने पड़ा देखा। उसे निकालकर निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

राऊ पुलिस के अनुसार मृतक रानी पिता राजेश मेवाड़ी निवासी नेहरू नगर, राऊ है। पिता ने बताया कि बेटी कक्षा चौथी में पढ़ाई करती थी। वह और बेटी की मां रेखा कारखाने में काम करते हैं। बेटा गौरव (11) छठी कक्षा में पढ़ाई करता है। वह और पत्नी सोमवार सुबह काम पर चले गए थे। दोनों बच्चे स्कूल चले गए थे।

दोनों बच्चे स्कूल से चार बजे घर लौट आते हैं। बेटा स्कूल से आने के बाद क्रिकेट खेलने चला गया था। बेटी घर पर अकेली थी। बेटा और पत्नी शाम करीब 6 बजे घर पर लौट आए थे। बेटी के घर पर नहीं मिलने पर उसकी मां ने उसे पहले बाथरूम में तलाशा। वहां नहीं मिलने पर वह पड़ोस में बेटी को तलाशने लगी।

इसी दौरान घर के बाहर बनी पानी की टंकी का ढक्कन खुला देखकर बेटे ने झांक कर देखा तो उसे पहले रस्सी और बाल्टी दिखाई दी। इसके बाद उसे बेटी बेहोश दिखाई दी। उसने पड़ोसियों की मदद से बेटी को बाहर निकाला और इलाज के लिए पास की निजी अस्पताल में ले गए।

हालत गंभीर होने की वजह से बेटी को वहां से चोइथराम अस्पताल रेफर कर दिया गया था। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बेटी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद बेटी का शव लेकर परिजन जिला अस्पताल आ गए थे। अस्पताल ले जाने के पहले बेटे ने फोन पर उसे हादसे की जानकारी दी।

वह कारखाने से सीधे जिला अस्पताल पहुंच गया था। राजेश ने बताया कि वह मूलत: रंगवासा का रहने वाला है। करीब 25 दिन पहले ही वह नेहरू नगर इलाके में परिवार के साथ शिफ्ट हुआ था। मंगलवार को पीएम कराने के बाद पुलिस ने शव परिजन को सौंप दिया है।