पटना में अपराधियों ने दी पुलिस को चुनौती, ज्वेलरी शॉप से 20 लाख और व्यापारी से 15 लाख रुपये की लूट

पटना में अपराधियों ने दी पुलिस को चुनौती, ज्वेलरी शॉप से 20 लाख और व्यापारी से 15 लाख रुपये की लूट

पटना 
राजधानी पटना में सोमवार को दिन अपराधियों का रहा। करीब छह घंटे के भीतर लूट दी दो बड़ी वारदात को अंजाम देकर अपराधियों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। पहली वारदात दोपहर करीब सवा 12 बजे राज्य की सबसे बड़ी मंडी मारुफगंज मंडी घटी। यहां दाल कारोबारी को गोली मारकर अपराधी 15 लाख रुपये लूटकर ले गए। वहीं, दूसरी वारदात शाम करीब छह बजे अतिव्यवस्त मुन्नाचक में हुई, जहां अपराधियों ने सोने-चांदी की दुकान को लूट लिया तथा आराम से भाग निकले। एक दिन में दो लूट की घटना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। इस दौरान पुलिस चकरघिन्नी बनी रही।

दाल कारोबारी को गोली मार 15 लाख लूटे
बैंक में पैसा जमा कराने जा रहे दाल कारोबारी को गोली मारकर बाइक सवार लुटेरों ने दिनदहाड़े 15 लाख रुपये लूट लिए। यह वारदात मालसलामी थाना क्षेत्र के मारुफगंज मंडी में घटी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी पिस्तौल लहराते हुए मंसूरगंज मंडी के रास्ते भाग निकले। मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरे में भागते हुए बाइक सवार अपराधियों की तस्वीर कैद हुई है, जिसके आधार पर पुलिस छानबीन में जुटी है। मौके से पुलिस ने चार खोखा भी बरामद किया है। ऐसे में माना जा रहा है कि बदमाशों ने चार से अधिक राउंड फायरिंग की है। वहीं पैर में गोली लगने से घायल कारोबारी का एक निजी अस्पताल में इलाज कराया गया है। 

ओवरटेक कर लुटेरों ने रोका
सोमवार की दोपहर करीब सवा 12 बजे मंसूरगंज मंडी के दाल कारोबारी विजय प्रसाद का बेटा अविनाश कुमार उर्फ सोनू पैसा जमा कराने अपने भाई मनीष के साथ बाइक पर सवार होकर मारुफगंज स्थित एसबीआई ब्रांच के लिए निकला था। बैंक से कुछ ही दूर पहले बड़ी देवीजी रोड में दो बाइक पर सवार पांच अपराधियों ने ओवरटेक कर सोनू को रोका और रुपयों से भरा बैग छीनने लगे। अविनाश ने विरोध किया तो अपराधियों ने उसे गोली मार दी। पैर में गोली लगने से वह जख्मी होकर गिर पड़ा। इसके बाद लुटेरे रुपयों से भरा बैग छीनकर हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले।

मुन्नाचक की ज्वेलरी दुकान में 20 लाख की लूट

मुन्नाचक स्थित ज्वेलरी दुकान में अपराधियों ने सोमवार की शाम छह बजे 20 लाख रुपये के जेवरात लूट लिये। विरोध करने लुटेरों ने दुकानदार राकेश कुमार को पहले जमकर पीटा, फिर पिस्टल की बट से हमला कर दिया। दुकान में बैठीं दो महिला ग्राहकों से भी चेन व अन्य आभूषण लूट लिए।
पत्रकारनगर थाना क्षेत्र के ज्वेलरी गार्डन में लूटपाट के बाद बाइक सवार तीन अपराधी आराम से भाग निकले। राजधानी में एक ही दिन में हुई दूसरी लूट की वारदात की खबर मिलते ही मौके पर एसएसपी उपेंद्र शर्मा, एसपी सिटी जितेंद्र कुमार, जक्कनपुर थानेदार मुकेश कुमार वर्मा के साथ अन्य थानों की पुलिस पहुंच गई। दुकान के आसपास सैकड़ों लोग व दुकानदार जमा हो गए। लोगों ने इस घटना के बाद पटना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।

ग्राहक के वेश में घुसे अपराधी

शाम के वक्त राकेश कुमार अपनी दुकान में दो महिला ग्राहकों को जेवरात दिखा रहे थे। इसी बीच एक युवक वहां पहुंचा। उसने अंगूठी खरीदने की बात कही, लेकिन जिस तरीके की अंगूठी की डिमांड उसने की थी, उस वक्त वह दुकानदार के पास नहीं थी। अभी दुकानदार और युवक के बीच बातचीत चल ही रही थी कि पीछे से दो अन्य युवक आ गए। दोनों ने अचानक राकेश के ऊपर पिस्टल तान दी। इतने में सामने खड़ा युवक भी अपने असली रूप में आ गया। वह काउंटर के भीतर चला गया और दुकान में रखे जेवरात देने को कहने लगा। शुरू में राकेश ने सामान देने में आनाकानी की तो अपराधी उसकी पिटाई करने लगे। पिस्टल की बट से भी पीटा। यह सब देखकर महिला ग्राहक भी डर गई। सबने दुकानदार को सामान दे देने को कहा। दुकानदार के मुताबिक, उसने करीब 20 लाख के सोने-चांदी के जेवरात अपराधियों को दे दिये।