पूर्व विधायक सुरेंद्रनाथ सिंह(मम्मा) गुमठी विस्थापतों को करवाएंगे रोजाना विशाल भंडारा

पूर्व विधायक सुरेंद्रनाथ सिंह(मम्मा) गुमठी विस्थापतों को करवाएंगे रोजाना विशाल भंडारा

भोपाल
शहर के एमपी नगर क्षेत्र से हटाई गई 500 से अधिक गुमठियों के बेहतर और व्यवस्थित विस्थापन के लिए पूर्व विधायक सुरेंद्रनाथ सिंह(मम्मा) ने कमर कस ली है। इस मामले में धरना, प्रदर्शन, जंगी रैली और जेल जाने के बाद अब सुरेंद्रनाथ सिंह गुमठी विस्थापतों के लिए रोज भंडारा करेंगे। अब रोजाना शाम को छह बजे से एमपी नगर जोन-दो स्थित प्रगति पेट्रोल पंप के पास विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा। इस भंडारे में सुरेंद्रनाथ सिंह, उनकी धर्मपत्नी, भाजपा के कार्यकर्ता और महिला मोर्चा पदाधिकारी रोजाना भोजन बनाकर विस्थापितों को खिलाएंगे।

पूर्व विधायक सिंह का दावा है कि नगर निगम प्रशासन ने सरकार के दबाव में आकर गरीब लोगों की रोटी-रोजी छीन ली है। ऐसे में गुमठी संचालकों के सामने परिवार पालने का संकट खड़ा हो गया है। उनके खानपान को लेकर रोजाना समस्या खड़ी हो रही है। ऐसे में हम उन परिवारों को रोजाना भोजन कराकर पालेंगे। यह भंडारा तब तक चलेगा, जब तक गुमठी संचालकों को नगर निगम प्रशासन व्यवस्थित विस्थापन नहीं कर देती।

पूर्व विधायक सुरेंद्रनाथ सिंह का आरोप है कि नगर निगम प्रशासन बिना किसी योजना और विस्थापन के रोजाना शहर से गुमठी हटा रहे हैं। गरीब आदमी अपना लालन-पालन इन गुमठी संचालन करके कर रहा है। ऐसे में हम उनके बेहतर विस्थापन को लेकर विरोध कर रहे हैं। सरकार उन्हें सही जगह उपलब्ध कराएं, ताकि वे अपना धंधा कर सकें और अपने परिवार को पाल सकें।