प्रदेश के लिये भोपाल में बड़ा कैंसर अस्पताल बनाने की दिशा में प्रयास हों

प्रदेश के लिये भोपाल में बड़ा कैंसर अस्पताल बनाने की दिशा में प्रयास हों

भोपाल

चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा है कि मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बड़ा कैंसर अस्पताल बनाने की दिशा में प्रयास किये जायें। सारंग ने भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग का प्रेजेन्टेशन देखकर विभागीय समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि गरीब नागरिकों के आयुष्मान भारत कार्ड अभियान चलाकर बनवाएं। गैस राहत के तीनों अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना की जाए।

बैठक में गैस प्रभावित क्षेत्र में कोविड-19 महामारी के उपचार/बचाव के लिये किये गये प्रयासों के बारे में बताया गया कि कोविड के लिये 19 सहायता केन्द्र एवं फीवर क्लीनिक प्रारंभ किये गये, जिनमें बीएमएचआरसी में 8, गैस राहत में 7 और आयुष में 4 शामिल हैं। अभी तक 60 हजार 144 मरीजों की स्क्रीनिंग की गई और 15 हजार 125 मरीजों के सेम्पल कलेक्ट किये गये। गैस राहत के 5 चिकित्सालयों में आइसोलेशन के लिये 85 बिस्तर की सुविधा उपलब्ध है। पीएमसी जहांगीराबाद में सस्पेक्टेड कोविड मरीजों के लिये 20 बिस्तर की सुविधा उपलब्ध है। इस मौके पर लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, संचालक बसंत कुर्रे, उपसचिव के.के. दुबे उपस्थित थे।

आत्मनिर्भर भारत का प्रेजेन्टेशन

चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग और लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने गुरुवार को मंत्रालय में आत्म-निर्भर भारत की दिशा में किये जा रहे प्रयासों का प्रेजेंटेशन देखकर विभागीय समीक्षा की। इस मौके पर अपर मुख्य सचिव मोहम्मद सुलेमान और प्रमुख सचिव संजय कुमार शुक्ल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

चिकित्सा शिक्षा मंत्री सारंग ने निर्देश दिये कि अस्पताल डेव्हलप करते समय डॉक्टरों के रहने की व्यवस्था के लिये सर्व-सुविधायुक्त टाउनशिप भी बनाया जाना चाहिये। उन्होंने कहा कि आयुष की विधाएँ होम्योपैथिक, यूनानी और आयुर्वेदिक के बीच अपेक्षित समन्वय रहे। अस्पतालों को परफार्मेंस पर भी ध्यान देने के निर्देश दिये।

मंत्री चौधरी ने कहा कि जिला स्तर पर संसाधनों के साथ समुचित अमला उपलब्ध हो, इस दिशा में प्रयास किये जाना चाहिए। प्रजेन्टेशन के दौरान बताया गया कि मरीजों का इलेक्ट्रानिक रिकार्ड रखा जायेगा। साथ ही हेल्थ एंड हॉस्पिटल मैनेजमेंट सिस्टम डेवेलप करने पर भी चर्चा की गई। बैठक में प्रमुख सचिव फैज अहमद किदवई और आयुक्त निशांत वरवड़े उपस्थित थे।

मध्यप्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन कौंसिल की समीक्षा

चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने मंत्रालय में मध्यप्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन कौंसिल की समीक्षा की। सारंग ने कौंसिल का प्रेजेन्टेशन देखा और रजिस्ट्रार द्वारा पूर्ण तैयारी के साथ नहीं आने पर नाराज़गी व्यक्त की। इस मौके पर आयुक्त निशांत वरवड़े और संचालक मेडिकल एजुकेशन डॉ. उल्का श्रीवास्तव उपस्थित थीं।